चुनाव आयोग तक नहीं पहुंच सका INDIA गठबंधन का मार्च, राहुल गांधी ने संभाली कमान

WhatsApp Image 2026-10-06 at 5.59.53 PM

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 2026: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध मंगलवार को दिल्ली की सड़कों पर नजर आया। INDIA गठबंधन के 300 से अधिक विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर से निर्वाचन सदन की ओर मार्च निकाला। मार्च की अगुवाई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने की। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जवाब की मांग कर रहे हैं।

मार्च संसद के मकर द्वार से शुरू हुआ। विपक्षी सांसद नारेबाजी करते हुए निर्वाचन सदन की ओर बढ़े, लेकिन दिल्ली पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य विपक्षी नेता सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे।

बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी, हाथ में था तिरंगा

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी का एक दृश्य खास तौर पर चर्चा में रहा। पुलिस बैरिकेड के पास पहुंचे राहुल गांधी उस पर चढ़ गए और हाथ में तिरंगा लेकर खड़े दिखाई दिए। इस दौरान वे लगातार विपक्ष की मांगों को लेकर अपनी बात रखते नजर आए। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जब विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलने के लिए मार्च कर रहे हैं, तो उन्हें निर्वाचन आयोग तक जाने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसद देश के करोड़ों लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं और चुनाव आयुक्तों को उनसे मुलाकात करनी चाहिए।

इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर लिखा था, “Gyanesh, it’s done, bro. Time to resign.”

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने अपने अपने बयान में कहा कि “मेरे भारत के साथ जो किया गया है, वो देशद्रोह है।” इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और RSS प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए कहा कि “कोई बचकर नहीं भाग पाएगा।”

मार्च को रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर पहुंचे और वहां भी विरोध जताया। इसके बाद राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

विपक्ष का कहना है कि वह चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलकर मतदाता सूची और SIR से जुड़े अपने सवाल रखना चाहता था। वहीं, भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। INDIA गठबंधन का यह मार्च निर्वाचन सदन तक नहीं पहुंच सका, लेकिन मंगलवार को दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का विरोध केंद्र में रहा। राहुल गांधी की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, SIR और मतदाता सूची से जुड़े सवाल प्रमुख मुद्दे रहे।

बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी, हाथ में तिरंगा और उसके बाद विपक्षी नेताओं की हिरासत- ये तस्वीरें मंगलवार के प्रदर्शन की प्रमुख घटनाओं में शामिल रहीं।

ऐसी ही देश-दुनिया और राजनीति से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर करें और आगे की अपडेट्स के लिए हमें फॉलो करें।

By Ahmad Samir