चक्रवात अर्नब का खतरा बढ़ा: 140 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर आंध्र प्रदेश और आसपास के राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों के साथ 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।
28 अक्टूबर को तट से टकरा सकता है तूफान
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात अर्नब आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के पास तट पार कर सकता है। काकीनाडा, कृष्णा, पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी समेत कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।इस तूफान का असर ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में 29 अक्टूबर तक भारी बारिश होने की आशंका है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तूफान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रभावित जिलों में स्कूल और दूसरे शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जोखिम वाले इलाकों से 4,711 गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में पहुंचाया गया है। राहत और बचाव कार्यों के लिए NDRF की सात और SDRF की आठ टीमें तैनात की गई हैं।
ओडिशा में भी अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
चक्रवात को देखते हुए ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी प्रशासन अलर्ट पर है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जैसे जिलों में भारी बारिश की आशंका है। केंद्र सरकार भी हालात पर नजर बनाए हुए है। समुद्र में मछली पकड़ने से बचने और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
ऐसी ही देश-दुनिया और राजनीति से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर करें और आगे की अपडेट्स के लिए हमें फॉलो करें।
By Ahmad Samir