केजरीवाल को धमकी देने वाला निकला रोहतक का रिटायर्ड क्लर्क, 7 करोड़ की फिरौती मांगने का मामला
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी देने के मामले में नया खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस की जांच में धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान हरियाणा के रोहतक के एक रिटायर्ड क्लर्क के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के मुताबिक, यह किसी संगठित हमले की साजिश नहीं, बल्कि फर्जी धमकी का मामला था।
इससे पहले आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
विधायक जरनैल सिंह को आया था धमकी भरा फोन
मामले की शुरुआत 6 नवंबर को हुई, जब दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह को एक फोन कॉल और WhatsApp मैसेज मिला। शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और विधायक से अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये की मांग पहुंचाने को कहा।
आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को मार दिया जाएगा। इसके बाद विधायक ने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायत दी।
मोहाली पुलिस ने दर्ज की FIR
विधायक की शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में 7 नवंबर को FIR दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
शुरुआत में पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, IP लॉग और मोबाइल लोकेशन की जांच की। अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, धमकी देने वाले की पहचान रोहतक के एक रिटायर्ड क्लर्क के रूप में हुई है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार है।