दिल्ली में 50 साल पुरानी इमारत ढही, 3 साल के मासूम समेत दो की मौत; चार घायल

delhi

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां करीब 40 से 50 साल पुरानी एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में तीन साल के मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे इमारत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त इमारत में कई लोग मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान शुरू किया गया।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान तीन साल के देवांश उर्फ लड्डू और 35 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई है। हादसे में खुशबू (27), विकेश (35), आकाश (25) और दिलीप उर्फ डिम्पा (22) घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि इमारत में रहने वाले लोग किराएदार थे।

मकान मालिक गिरफ्तार, हादसे की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी और इसके पीछे रेलवे ट्रैक मौजूद है। अधिकारियों के अनुसार, इमारत में दरारें और उसकी जर्जर हालत हादसे की संभावित वजह हो सकती है। पुलिस ने मकान मालिक सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।