उत्तराखंड के देहरादून जू में पहली बार सफेद बाघ का दीदार, CM धामी ने किया उद्घाटन

WhatsApp-Image-2026-11-19-at-11.45.30-AM-730x425

देहरादून: उत्तराखंड के वन्यजीव प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। अब देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में लोग पहली बार सफेद बाघ को देख सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का उद्घाटन किया।

तेजस को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से उत्तराखंड लाया गया है। करीब ढाई साल का यह सफेद बाघ अब देहरादून चिड़ियाघर का नया आकर्षण बन गया है।

स्कूली और कॉलेज छात्रों को मिलेगी मुफ्त एंट्री

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने स्कूली बच्चों के साथ कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए भी चिड़ियाघर में मुफ्त प्रवेश की घोषणा की। सरकार का कहना है कि इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जागरूक होने का मौका मिलेगा।

पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.5 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उत्तराखंड में पहली बार किसी चिड़ियाघर में सफेद बाघ को रखा गया है। ऐसे में तेजस अब देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है।