उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी; 8 लोगों की मौत, 4 घायल

uk

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रिखणीखाल इलाके के कालवाड़ी के पास यात्रियों से भरी एक ईको गाड़ी करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, गाड़ी में कुल 12 लोग सवार थे। वाहन रिखणीखाल से भंगालवाड़ गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान कालवाड़ी के पास चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गाड़ी में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी थीं। वे रिखणीखाल में दीदी-भुली योजना के आवेदन जमा करके वापस अपने गांव लौट रही थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।