
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान 21 अगस्त तक संसद में अनुकरणीय प्रदर्शन करने वाले 17 सांसदों को ‘संसद रत्न’ सम्मान-2025 से नवाजा जाएगा। इस सूची में सुप्रिया सुले (NCP-SP), रवि किशन (BJP), निशिकांत दुबे (BJP) और अरविंद सावंत (शिवसेना-UBT) सहित कई नाम शामिल हैं।
इन सांसदों को उनके उत्कृष्ट संसदिक योगदान और लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए यह सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा चार विशेष जूरी पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जो लगातार तीन कार्यकालों में संसदीय लोकतंत्र में निरंतर योगदान को मान्यता देते हैं। विशेष पुरस्कार भर्तृहरि महताब (भाजपा, ओडिशा), एन के प्रेमचंद्रन (रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, केरल), सुप्रिया सुले (NCP-SP, महाराष्ट्र), और श्रीरंग अप्पा बारणे (शिवसेना, महाराष्ट्र) को दिए जाएंगे।
इन सांसदों ने 16वीं लोकसभा के बाद से अपने क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रदर्शन किया है। अन्य सम्मानित सांसदों में स्मिता उदय वाघ (BJP), नरेश म्हस्के (शिवसेना), वर्षा गायकवाड़ (कांग्रेस), मेधा कुलकर्णी (BJP), प्रवीण पटेल (BJP), विद्युत बरण महतो (BJP), और दिलीप सैकिया (BJP) शामिल हैं।
समिति श्रेणी में भर्तृहरि महताब की अध्यक्षता वाली वित्त संबंधी स्थायी समिति और डॉक्टर चरणजीत सिंह चन्नी (कांग्रेस) की अध्यक्षता वाली कृषि संबंधी स्थायी समिति को उनकी रिपोर्ट की गुणवत्ता और विधायी निगरानी के लिए सम्मानित किया जाएगा।