Google search engine
Home Breaking News यूट्यूबर/पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन की गोली मारकर हत्या, डबल मर्डर और...

यूट्यूबर/पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन की गोली मारकर हत्या, डबल मर्डर और सुसाइड से हड़कंप!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोमती नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पास वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। इसके बाद वह करीब एक किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी।

दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करती थीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

बैंक के बाहर घात लगाकर बैठा था पति

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दिव्या मिश्रा किसी क्लाइंट से मिलने गई थीं। कुछ देर बाद जब वह वापस बैंक पहुंचीं तो उनका पति पहले से ही बैंक के बाहर घात लगाए बैठा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ देर मामूली बातचीत हुई, जिसके बाद पति ने दिव्या पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

गोली लगने के बाद दिव्या लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दिव्या को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की हत्या के बाद बहन को भी मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, दिव्या की हत्या के बाद आरोपी करीब एक किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पति-पत्नी के बीच चल रहा था तलाक का केस

जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा और उनके पति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था। बताया जा रहा है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की थी।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वैवाहिक विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वारदात के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

प्रज्ञा मिश्रा कौन हैं?
प्रज्ञा मिश्रा सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय चर्चित पत्रकार/कंटेंट क्रिएटर हैं। दिव्या मिश्रा उनकी बहन थीं। बहन की हत्या की खबर सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।

Digikhabar Team
DigiKhabar.in हिंदी ख़बरों का प्रामाणिक एवं विश्वसनीय माध्यम है जिसका ध्येय है "केवलं सत्यम" मतलब केवल सच सच्चाई से समझौता न करना ही हमारा मंत्र है और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारा उद्देश्य.