Jamia Protest: छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों की भूख हड़ताल लगातार जारी, 2006 से नहीं हुए चुनाव
नई दिल्ली: दिल्ली की Jamia Millia Islamia में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। Ebin Basil, Jasim सहित कई छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों की मांग है कि यूनिवर्सिटी में छात्र संघ को बहाल किया जाए और चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
यह विरोध प्रदर्शन 12 अक्टूबर 2026 को शुरू हुआ था। छात्रों का कहना है कि साल 2006 के बाद से जामिया में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। ऐसे में छात्रों के पास अपनी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए एक निर्वाचित छात्र संघ नहीं है।
क्या हैं छात्रों की मांगें?
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की सबसे बड़ी मांग जामिया मिल्लिया इस्लामिया स्टूडेंट्स यूनियन (JMISU) को बहाल करना और जल्द से जल्द छात्र संघ चुनाव कराना है। छात्रों का कहना है कि कैंपस में एक निर्वाचित छात्र संघ होना जरूरी है, ताकि छात्र अपनी समस्याओं, अधिकारों और मांगों को संगठित तरीके से विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने रख सकें।
छात्र संघ की बहाली के जरिए छात्र फीस, हॉस्टल की सुविधाओं, पढ़ाई और कैंपस से जुड़े दूसरे मुद्दों पर अपनी बात रख सकें और फैसले लेने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो। छात्रों की मांग है कि प्रशासन चुनाव बहाल करने को लेकर स्पष्ट रुख अपनाए और चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करे।
2006 से क्यों नहीं हुए चुनाव?
जामिया में छात्र संघ चुनाव साल 2006 से छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। चुनाव बंद होने के पीछे छात्र संघ की भूमिका और उसके कामकाज को लेकर उठे सवालों का जिक्र मिलता है। इसके बाद से ही कैंपस में छात्र संघ को दोबारा बहाल करने और चुनाव कराने की मांग समय-समय पर उठती रही है।
वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष भी इस बहस का अहम हिस्सा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रशासन ने चुनाव कराने के लिए छात्रों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिलने की बात कही है। प्रशासन का यह भी तर्क रहा है कि विभाग स्तर पर चुने गए छात्र प्रतिनिधियों के जरिए समस्याओं को उठाने की व्यवस्था मौजूद है। इसके अलावा, बड़े छात्र संघ के राजनीतिक गतिविधियों से प्रभावित होने और कैंपस में टकराव की आशंका को लेकर भी चिंताएं जताई गई हैं।
AMU में चुनाव बहाली के बाद बढ़ी मांग
जामिया में यह आंदोलन ऐसे समय में शुरू हुआ, जब अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में छात्रों के लंबे विरोध प्रदर्शन के बाद छात्र संघ चुनाव बहाल करने का फैसला लिया गया। AMU में 10 अक्टूबर 2026 को चुनाव बहाली की घोषणा के बाद जामिया के छात्रों की मांग भी चर्चा में आ गई।
अब सबकी नजर जामिया प्रशासन के अगले कदम पर है। क्या प्रशासन छात्र संघ चुनाव कराने की दिशा में कोई ठोस पहल करेगा, या छात्रों का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा? यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
ऐसी ही देश-दुनिया और राजनीति से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर करें और आगे की अपडेट्स के लिए हमें फॉलो करें।
By Ahmad Samir