देवरिया में शिक्षिका की हत्या: शादी का दबाव बनाने पर स्कूल मैनेजर पर हत्या का आरोप, कार की डिक्की में सात घंटे घूमता रहा शव
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधक ने शादी का दबाव बनाने पर शिक्षिका की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को अपनी कार की डिक्की में रखकर करीब सात घंटे तक देवरिया और गोरखपुर के सीमावर्ती इलाकों में घूमता रहा। बाद में आरोपी ने शव को देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के कंहौली गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में स्कूल प्रबंधक को हिरासत में लिया है।
मृतका की पहचान गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के खुरहरी गांव निवासी रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह ब्रह्मपुर स्थित वीएन सेंट्रल एकेडमी में शिक्षिका थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह पिछले करीब सात-आठ वर्षों से स्कूल में पढ़ा रही थीं।
वेतन लेने के लिए घर से निकली थीं शिक्षिका
परिजनों के मुताबिक, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे रानी विश्वकर्मा स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। उन्होंने परिवार को बताया था कि उस दिन उन्हें अपना बकाया वेतन लेना है। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।
इसके बाद परिवार ने स्कूल के अन्य शिक्षकों और प्रबंधन से संपर्क किया। इसी दौरान पता चला कि वह दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से निकल गई थीं। अगले दिन देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के कंहौली गांव के पास झाड़ियों में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में शव की तस्वीर सामने आने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान रानी विश्वकर्मा के रूप में की।
शादी का दबाव बनाने पर हत्या का आरोप, सात घंटे तक कार में रखा शव
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्कूल प्रबंधक विजय निषाद और शिक्षिका के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि प्रबंधक पहले से शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। आरोप है कि शिक्षिका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थीं।
इसी विवाद के बाद आरोपी ने शिक्षिका को वेतन देने के बहाने स्कूल बुलाया और अपनी कार में बैठाकर ले गया। आरोप है कि कार में ही गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कार की डिक्की में रख दिया गया। आरोपी कथित तौर पर करीब सात घंटे तक शव लेकर अलग-अलग इलाकों में घूमता रहा। बाद में देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की कार रामलक्षन पुलिस चौकी के सामने से भी गुजरी थी। पुलिस अब मामले में सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल की जांच कर रही है।
शिक्षिका की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे परिजन, एक करोड़ मुआवजे की मांग
रानी विश्वकर्मा की हत्या से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने 3 नवंबर की सुबह गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
परिजनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा देने की मांग की है। इसके अलावा मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग उठाई गई है।
प्रदर्शन के कारण बोहाबार-नई बाजार मुख्य मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्कूल प्रबंधक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।