जम्मू-कश्मीर में दो SPO की गोली मारकर हत्या, हथियार लेकर फरार हुए हमलावर

images

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह दोनों के शव दच्छन इलाके के धेरना जंगल से बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं और उनके सरकारी हथियार भी गायब हैं।

मृतकों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को दोनों ड्यूटी के सिलसिले में सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए।

दोनों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस, सेना और CRPF ने इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह तलाशी के दौरान जंगल में उनके शव मिले। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर उनकी INSAS और .303 राइफल लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में अभियान चला रही हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।