उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: टिहरी में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 8 लोगों की मौत, 26 घायल

ukkk

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से यात्रियों को लेकर जा रही एक बस गूलर के पास अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बस हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

खाई काफी गहरी और रास्ता मुश्किल होने के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। SDRF के जवानों ने घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने ऋषिकेश स्थित एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

26 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुल 26 घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को AIIMS ऋषिकेश और ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

हादसे में लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

फिलहाल बस हादसे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। पहाड़ी रास्तों पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना गंभीर दुर्घटनाओं की वजह बन सकता है, हालांकि इस हादसे में इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।