अखिलेश यादव 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे? मुख्यमंत्री बनने को लेकर दिया बड़ा बयान
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव लड़ने को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। उन्होंने संकेत दिया कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ सकते हैं।
दरअसल, वाराणसी दौरे के दौरान पत्रकारों ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे? इस पर उन्होंने कहा कि जब हम चुनाव नहीं लड़ते हैं, तभी मुख्यमंत्री बनते हैं। इसलिए जो हमारे लिए शुभ होगा, वही करेंगे।
अखिलेश यादव के इस बयान को 2027 में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने 2012 का उदाहरण भी दिया, जब लोकसभा सांसद रहते हुए वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।
BJP पर साधा निशाना, 200 विधायकों के टिकट कटने का दावा
अखिलेश यादव ने इस दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी अपने करीब 200 विधायकों के टिकट काट सकती है।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश करेगी या पार्टी किसी दूसरी रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी?
फिलहाल, अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं की है।