असम में भीषण सड़क हादसा, 26 लोगों की मौत, कई घायल

images

असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है, जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा गोलाघाट जिले के रोंगाजन इलाके में नेशनल हाईवे-715 पर हुआ, जहां एक यात्री मिनीबस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

मिनीबस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक दूसरी दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनीबस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री वाहन में फंस गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

मृतकों में कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। हादसे में 14 महिलाओं और 12 पुरुषों की मौत हुई है। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घटना पर गहरा दुख जताया है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।