ऋषिकेश में छात्रों से भरी बस पलटी, करीब 50 विद्यार्थी थे सवार, मची अफरा-तफरी

rishikesh

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। मुनि की रेती के पास फिरोजाबाद से शैक्षिक भ्रमण पर आए छात्रों से भरी एक बस पलट गई। बस में करीब 50 विद्यार्थी सवार बताए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, बस फिरोजाबाद से छात्रों और शिक्षकों को लेकर हरिद्वार-ऋषिकेश घूमने आई थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे बस भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ होते हुए पूर्णानंद पार्किंग की ओर जा रही थी। इसी दौरान ब्रह्मानंद मोड़ और पीडब्ल्यूडी तिराहे के बीच अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को संभालने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक आश्रम की बाउंड्रीवॉल से टकरा गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में बस चालक, हेल्पर और स्कूल की प्रधानाचार्य को हल्की चोटें आईं। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बस में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस हादसे के बाद बस की ओवरलोडिंग का मामला भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी परिवहन विभाग ने इसी बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर कार्रवाई की थी। उस दौरान 21 अतिरिक्त सवारियों को बस से उतारा गया था और बस का चालान भी किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।