जामिया में मनाया गया झारखंड का 26वां स्थापना दिवस, JSA के सदस्यों ने लिया हिस्सा
नई दिल्ली: झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में झारखंड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JSA) की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे झारखंड के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और एक साथ मिलकर राज्य का स्थापना दिवस मनाया।
कार्यक्रम में JSA के संस्थापक सैकलैन रज़ा और अहमद समीर मौजूद रहे। वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष तस्लीम अंसारी के साथ एग्जीक्यूटिव टीम के सदस्य बुलबुल, एजाज, सिब्तेन, युशा, राशिक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड के इतिहास, संस्कृति, पहचान और राज्य के गठन के लिए हुए लंबे संघर्ष पर चर्चा की गई। इस दौरान बिरसा मुंडा के योगदान को भी याद किया गया। छात्रों ने बिरसा मुंडा के नेतृत्व में हुए उलगुलान आंदोलन, आदिवासी अधिकारों और जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के संघर्ष पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी झारखंड की पहचान और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इसके साथ ही झारखंड की मौजूदा समस्याओं पर भी विस्तार से बातचीत हुई। चर्चा में बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। छात्रों ने इस बात पर चिंता जताई कि प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद राज्य के कई इलाकों में बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। खनिज संपदा का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाने, आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा और युवाओं को राज्य में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत पर भी विचार रखे गए।
कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने झारखंड के विकास में युवाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना भी स्थापना दिवस के आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए। साथ ही, झारखंड की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को देशभर में पहचान दिलाने पर जोर दिया गया।
JSA की एग्जीक्यूटिव टीम ने छात्रों के बीच एकजुटता बनाए रखने और झारखंड से जुड़े मुद्दों को विभिन्न मंचों पर उठाने की बात कही। कार्यक्रम का समापन सामूहिक तस्वीर और स्थापना दिवस की शुभकामनाओं के साथ हुआ।