यूपी में 55 PCS अधिकारियों के तबादले, नोएडा से वाराणसी तक प्रशासनिक फेरबदल

up

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने रविवार देर रात 55 PCS (प्रांतीय सिविल सेवा) अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में कई जिलों के उपजिलाधिकारी (SDM), अपर जिलाधिकारी (ADM), अपर आयुक्त और नगर निगमों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके अलावा विभिन्न विकास प्राधिकरणों में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

जारी तबादला सूची के अनुसार, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़ और वाराणसी समेत कई शहरों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव रहे बृजेश कुमार सिंह को विशेष कार्याधिकारी (OSD), नोएडा बनाया गया है। वहीं, नोएडा में विशेष कार्याधिकारी रहे क्रांति शेखर सिंह को दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र और बुलंदशहर की जिम्मेदारी दी गई है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। वहीं, विवेक कुमार मिश्रा को प्रयागराज विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। ग्रेटर नोएडा में विशेष कार्याधिकारी रहे अजय कुमार शर्मा को अलीगढ़ का SDM बनाया गया है।

पश्चिमी यूपी के जिलों में भी बदलाव

तबादला सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। आकाश कुमार को लखनऊ से बहराइच, अनिल कुमार यादव को वाराणसी नगर निगम से मुजफ्फरनगर, संदीप कुमार तिवारी को प्रयागराज से मुरादाबाद और रामवीर सिंह को मुरादाबाद नगर निगम से अलीगढ़ भेजा गया है। इसके अलावा माधव उपाध्याय को मुरादाबाद से हरदोई, ज्योत्सना को जौनपुर से हापुड़ और रमेश चंद्र पांडेय को हापुड़ से जौनपुर का SDM बनाया गया है।81

अयोध्या तीर्थ विकास परिषद में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है। ज्ञान चंद्र गुप्ता को परिषद का संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है, जबकि आलोक कुमार वर्मा को अयोध्या विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, ज्योति सिंह को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त और सुनन्दु सुधाकरन को बस्ती का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है।

इसके अलावा नगर निगमों, खेल निदेशालय, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और सहकारी चीनी मिल संघ में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रदेश के विभिन्न विभागों और जिलों में कुल 55 PCS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।