2027 चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, आज जारी होगा धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी गुरुवार, 26 नवंबर को देहरादून में अपने प्रदेश चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी बांसुरी स्वराज समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। पार्टी ने प्रदेश मुख्यालय को चुनावी वॉर रूम के रूप में तैयार किया है, जहां से चुनावी रणनीति और संगठन की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
रिपोर्ट कार्ड में क्या होगा खास?
बीजेपी अपने रिपोर्ट कार्ड में समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, रोजगार, पर्यटन, सड़क और रेल कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से रखेगी। इसके अलावा लखपति दीदी योजना, महिला सशक्तिकरण और चारधाम यात्रा से जुड़े कामों को भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया जाएगा।
2027 में तीसरी बार सत्ता हासिल करने की तैयारी
बीजेपी इस रिपोर्ट कार्ड के जरिए जनता को यह बताने की कोशिश करेगी कि धामी सरकार ने अपने कार्यकाल में क्या-क्या काम किए हैं। पार्टी का लक्ष्य सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाना है।
वहीं, अब देखना होगा कि बीजेपी के इस चुनावी अभियान के सामने कांग्रेस किस तरह की रणनीति तैयार करती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता किस पार्टी पर भरोसा जताती है।