ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी ने UP की सियासत में बढ़ाई हलचल, मुस्लिम डिप्टी सीएम बनाने का ऐलान

ASAD

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी ने लखनऊ में बड़ी रैली कर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर आयोजित ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ में दोनों नेताओं ने अपनी राजनीतिक रणनीति और गठबंधन को लेकर कई बड़े ऐलान किए।

इस रैली में चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की बात सामने आई। वहीं, सरकार बनने पर मुस्लिम समाज से उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा भी किया गया। इसके अलावा पिछड़े वर्ग से भी एक नेता को डिप्टी सीएम बनाने की बात कही गई। इस ऐलान को यूपी की राजनीति में दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्गों को एक साथ लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

ओवैसी और चंद्रशेखर ने अपने भाषण में भाजपा के साथ-साथ समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। दोनों नेताओं ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को उनकी आबादी और हिस्सेदारी के हिसाब से राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। ओवैसी ने मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाया, वहीं चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक न्याय और सत्ता में बराबर की हिस्सेदारी की बात कही।

इस गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने राजनीतिक संदेश को जमीन तक पहुंचाने की होगी। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच समर्थन हासिल करना गठबंधन के लिए अहम हो सकता है। वहीं, पूर्वांचल और मध्य यूपी में भी अपनी पकड़ मजबूत करना दोनों नेताओं के लिए आसान नहीं होगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरा मजबूत विकल्प बन पाएगी? क्या यह गठबंधन अखिलेश यादव के PDA और भाजपा के चुनावी समीकरणों को प्रभावित करेगा? इसका जवाब आने वाले महीनों में गठबंधन की रणनीति, उम्मीदवारों और जमीनी सक्रियता से मिलेगा।