25 लाख सरकारी नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने ₹5,000; अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का चुनावी घोषणा पत्र

spp

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। इसे ‘सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रण पत्र – जनमन का मैनिफेस्टो 2027’ नाम दिया गया है। इसमें रोजगार, शिक्षा, किसान, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर कई बड़े वादे किए गए हैं।

समाजवादी पार्टी ने इस घोषणा पत्र के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग यानी PDA के साथ युवाओं और किसानों को साधने की कोशिश की है।

युवाओं और किसानों के लिए बड़े ऐलान

सपा ने अगले पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। इसके अलावा बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये देने की घोषणा की गई है। पार्टी ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए भी सख्त व्यवस्था का वादा किया है।

किसानों के लिए तत्काल कर्ज माफी और 23 फसलों के साथ दूध पर MSP की कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है। इसके अलावा गन्ना किसानों को समय पर भुगतान और खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और PDA पर फोकस

घोषणा पत्र में गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने, 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलने और 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए मुफ्त लैपटॉप योजना फिर शुरू करने का वादा किया गया है।

इसके साथ ही PDA समुदायों को सरकारी ठेकों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने और जातिगत जनगणना कराने की बात भी कही गई है। पार्टी ने महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों के लिए भी आर्थिक सहायता से जुड़े प्रस्ताव रखे हैं।

अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि अच्छे दिन नहीं आए, लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा का यह घोषणा पत्र रोजगार, सामाजिक न्याय और PDA के मुद्दों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।