कौन है हनी सिंह के साथ गाने वाली रागिनी विश्वकर्मा, ‘दिदिया के देवार चढ़वले बाटे नजरी’ गाना हुआ फेमस

कौन है हनी सिंह के साथ गाने वाली रागिनी विश्वकर्मा, 'दिदिया के देवार चढ़वले बाटे नजरी’ गाना हुआ फेमस
कौन है हनी सिंह के साथ गाने वाली रागिनी विश्वकर्मा, 'दिदिया के देवार चढ़वले बाटे नजरी’ गाना हुआ फेमस

नई दिल्ली: पंजाबी रैपर और म्यूजिशियन यो यो हनी सिंह का हाल ही में रिलीज हुआ नया गाना ‘मेनियाक’ दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। इस गाने में बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता भी नजर आ रही हैं, लेकिन जो चीज़ सबसे ज्यादा चर्चा में है, वह है इसमें शामिल भोजपुरी रैप। खासतौर पर बिहार और यूपी के लोगों को यह गाना बेहद भा रहा है।

गाने में एक भोजपुरी पारंपरिक गीत की लाइन ‘दिदिया के देवार चढ़वले बाटे नजरी’ शामिल की गई है, जिसे गाया है रागिनी विश्वकर्मा ने। उनकी आवाज़ ने इस गाने को और भी खास बना दिया है।

कौन हैं रागिनी विश्वकर्मा?

रागिनी विश्वकर्मा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली हैं। उनके परिवार के लोग मंदिरों और सड़कों पर हारमोनियम और ढोलक बजाकर पारंपरिक गीत गाते हैं, जिससे उनका गुजारा चलता है।

रागिनी अवधी, भोजपुरी और भोजपुरी ग़ज़ल गाने में माहिर हैं। कोरोना काल में उनका एक हारमोनियम पर गाया गाना वायरल हुआ था, जिसके बाद वह लोगों के बीच पहचानी जाने लगीं।

रागिनी ने इससे पहले एक गाना गाया था ‘पंखा कूलर से न गर्मी ई जाला’, जो काफ़ी वायरल हुआ था। इस गाने को करीब 10 मिलियन व्यूज मिले थे।

भोजपुरी इंडस्ट्री से बॉलीवुड तक का सफर

रागिनी विश्वकर्मा को भोजपुरी इंडस्ट्री में अब तक कोई बड़ा मौका नहीं मिला था, लेकिन हनी सिंह ने उन्हें अपने ‘मेनियाक’ एल्बम में ब्रेक देकर उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया।

रागिनी के इंस्टाग्राम हैंडल पर फिलहाल 444K फॉलोअर्स हैं और भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव भी उन्हें अपने गाने में मौका देने का वादा कर चुके हैं।

कैसे मिला ‘मेनियाक’ में गाने का मौका?

रागिनी ने एक इंटरव्यू में बताया कि हनी सिंह की टीम से विनोद वर्मा का उनके सर के पास कॉल आया था। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के लिए एक गाने का मौका मिल रहा है, लेकिन उस वक्त यह नहीं बताया गया कि यह हनी सिंह के गाने के लिए है।

रागिनी के मुताबिक, “मुझे तब तक भोजपुरी में भी कोई बड़ा ब्रेक नहीं मिला था, तो मैं सोच रही थी कि बॉलीवुड से ऑफर कैसे आ सकता है?”

करीब 10-15 दिन बाद विनोद वर्मा गोरखपुर आए, जहां स्थानीय गीतकार अर्जुन अजनबी ने यह गाना लिखा और रागिनी ने इसे गाया। उन्हें बाद में पता चला कि यह गाना हनी सिंह के साथ रिलीज़ होने वाला है।

रागिनी की आवाज़ से भोजपुरी रैप को मिली नई पहचान

इस गाने के जरिए भोजपुरी संगीत को बॉलीवुड में नई पहचान मिली है। हनी सिंह के फैंस इस गाने को पसंद कर रहे हैं, वहीं बिहार और यूपी के लोग इसे गर्व की तरह देख रहे हैं।

रागिनी की आवाज़ और पारंपरिक भोजपुरी रैप ने ‘मेनियाक’ को एक अलग ही पहचान दे दी है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में रागिनी विश्वकर्मा और किन बड़े प्रोजेक्ट्स में नज़र आएंगी।

Digikhabar Editorial Team
DigiKhabar.in हिंदी ख़बरों का प्रामाणिक एवं विश्वसनीय माध्यम है जिसका ध्येय है "केवलं सत्यम" मतलब केवल सच सच्चाई से समझौता न करना ही हमारा मंत्र है और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारा उद्देश्य.