बाराबंकी में पुलिस मुठभेड़, दो इनामी बदमाश गिरफ्तार; सिपाही भी घायल

bara

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात ग्राम दुल्हदेपुर के पास पुलिस टीम ने बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सिपाही अभिषेक की हथेली घायल हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सराफा कारोबारी से लूट के मामले में थे फरार

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल दीक्षित और सौरभ कुमार वर्मा के रूप में हुई है। राहुल दीक्षित सीतापुर जिले का रहने वाला है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, सौरभ कुमार वर्मा बाराबंकी के रामसनेहीघाट क्षेत्र का निवासी है और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम था।

दोनों आरोपी 28 अक्टूबर को सराफा कारोबारी भाइयों से जेवर और नकदी से भरा बैग लूटने के प्रयास के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर की काली स्कूटी बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों और सिपाही का इलाज कराया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।