कन्नौज में भीषण सड़क हादसा: स्कूली बस को ट्रक ने मारी टक्कर, चार बच्चों की मौत, 32 घायल

Dramatic-Highway-Bus-and-Truck-Crash-750x430

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बच्चों से भरी खड़ी स्कूल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों में 24 स्कूली बच्चे और आठ स्कूल स्टाफ के सदस्य शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ठठिया थाना क्षेत्र के पास हुआ। कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर शैक्षणिक भ्रमण पर गई थी। बच्चे आगरा में ताजमहल घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 210 के पास बच्चों के शौचालय जाने के लिए बस को सड़क किनारे रोका गया था।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार कई बच्चे अंदर फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिसकर्मियों और वहां से गुजर रहे लोगों की मदद से घायल बच्चों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, मामूली रूप से घायल बच्चों का भी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

स्कूल बस में सवार थे करीब 50 लोग

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, बस में छात्रों और स्कूल स्टाफ समेत करीब 50 लोग सवार थे। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।

इस घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।