Anil Agarwal Son Agnivesh Agarwal Death:
वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के पुत्र अग्निवेश अग्रवाल के निधन की खबर से कॉर्पोरेट जगत में शोक की लहर है। 49 वर्षीय अग्निवेश का 7 जनवरी को न्यूयॉर्क में कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वह स्कीइंग के दौरान एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस दुखद घटना के बाद अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि यह उनके जीवन का सबसे पीड़ादायक दिन है। उन्होंने कहा कि पिता द्वारा बेटे की अर्थी को कंधा देना सबसे बड़ा दुख होता है। साथ ही उन्होंने अपने बेटे के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प भी लिया।
Who Is Agnivesh Agarwal | अग्निवेश अग्रवाल कौन थे?
अग्निवेश अग्रवाल, वेदांता ग्रुप के संस्थापक अनिल अग्रवाल और किरण अग्रवाल के ज्येष्ठ पुत्र थे। उनका जन्म 3 जून 1976 को पटना में हुआ था। कम उम्र में ही उन्होंने अपने पिता के व्यवसाय में सक्रिय भूमिका निभाई और कंपनी के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कॉर्पोरेट जगत में बनाई खास पहचान
अग्निवेश अग्रवाल एक सफल उद्योगपति थे और उन्हें कॉर्पोरेट सेक्टर में लगभग 20 वर्षों का अनुभव था। 27 अप्रैल 2019 को उन्होंने टीएसपीएल में निदेशक और चेयरमैन के रूप में कार्यभार संभाला। इसके अलावा, फुजैराह गोल्ड की स्थापना में उनकी अहम भूमिका रही, जहां वे चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर रहे। वे हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के चेयरमैन भी रह चुके थे और पंजाब की प्रमुख ग्रीनफील्ड थर्मल पावर परियोजनाओं में से एक की निगरानी भी उन्होंने की थी।
खेल, संगीत और नेतृत्व में भी आगे
बिजनेस के साथ-साथ अग्निवेश अग्रवाल बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। वे एक एथलीट, संगीत प्रेमी और कुशल लीडर थे। अनिल अग्रवाल के अनुसार, उनके बेटे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी देशभक्ति थी। वे आत्मनिर्भर भारत के विचार को पूरी मजबूती से समर्थन देते थे।












