नई दिल्ली: आज पूरे देश में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह दिन गुरुजनों के सम्मान और उनके मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का होता है। यह दिन महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है, इसलिए इसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है।
गुरु पूर्णिमा पर पूजा-पाठ और विशेष उपायों से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। जानिए आज के दिन कौन-कौन से उपाय करके आप अपने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता, सुख और शांति प्राप्त कर सकते हैं:
भगवान शिव की पूजा से मिलेगी तरक्की
अगर आप किसी जरूरी कार्य में सफलता चाहते हैं तो भगवान शिव को बेलपत्र चढ़ाएं और ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें। इससे न सिर्फ आपके काम में सफलता मिलेगी, बल्कि बच्चों के भविष्य में भी उन्नति होगी।
धन की कमी से छुटकारा पाने के लिए उपाय
गुरु पूर्णिमा के दिन 11 कौड़ियों पर हल्दी का तिलक लगाकर उन्हें मां लक्ष्मी को अर्पित करें। अगली सुबह इन्हें लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी या अलमारी में रखें। हर पूर्णिमा को इन्हें बाहर निकालें, फिर से तिलक कर दोबारा लाल कपड़े में बांध कर सुरक्षित स्थान पर रखें। इससे धन की कमी नहीं होगी।
विद्यार्थियों के लिए विशेष उपाय
अगर पढ़ाई में मन नहीं लग रहा है तो आज ‘ॐ ऐं ह्रीं सरस्वत्यै नमः’ मंत्र का 21 बार जप करें। यह उपाय आपकी शैक्षणिक सफलता सुनिश्चित करेगा।
दांपत्य जीवन और प्रेम संबंधों में मधुरता के लिए
अपने साथी को सफेद रुमाल पर उनका पसंदीदा परफ्यूम लगाकर उपहार में दें। इससे आपके रिश्ते में निकटता और प्यार बढ़ेगा।
वैवाहिक जीवन में सुख के लिए
यदि विवाहित जीवन में तनाव है तो पूर्णिमा की रात को दो कपूर गोबर के उपले पर जलाएं और उसे अपने पलंग के नीचे रखें। अगली सुबह उसे मुख्य द्वार के बाहर जलाएं। इससे जीवन में सुख और शांति लौटेगी।
राजनीति में सफलता के लिए
अगर आप राजनीति में सफलता चाहते हैं तो दुर्गा बीसा यंत्र को मां दुर्गा के सामने स्थापित करें, सिद्धकुंजिका स्तोत्र का पाठ करें और फिर यंत्र को गले में पहन लें या अपने पास रखें। इससे राजनीतिक जीवन में उन्नति होगी।
बच्चों की शिक्षा में प्रगति के लिए
यदि आप अपने बच्चे को शिक्षा में सफल बनाना चाहते हैं तो आज भगवान विष्णु की पूजा कर विद्या यंत्र की स्थापना करें। फिर यंत्र को बच्चे की स्टडी टेबल या गले में लॉकेट के रूप में पहनाएं।
पूर्णिमा के दिन स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र पहनकर सूर्य देव के इस मंत्र का 51 बार जप करें – “ॐ घृणिः सूर्याय नमः”। इसके बाद गाय को मिठाई खिलाएं। इससे बच्चों के जीवन में सुख और आनंद बना रहेगा।
अगर आप अपने परिवार को नज़र दोष से बचाना चाहते हैं तो आज के दिन 11 कपूर को गोबर के उपलों पर जलाकर उसका धुआं पूरे घर में फैलाएं। साथ ही अपने ऑफिस या दुकान में भी यही प्रक्रिया करें। इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होगी।
गुरु पूर्णिमा के इस शुभ अवसर पर यदि श्रद्धा और विधिपूर्वक उपरोक्त उपाय किए जाएं, तो निश्चित ही सकारात्मक ऊर्जा, समृद्धि और सफलता का आगमन आपके जीवन में होगा।
गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं!