Google search engine
Home भारत Meghalaya Honeymoon Murder Case: शादी के पांच दिन बाद रची गई हत्या...

Meghalaya Honeymoon Murder Case: शादी के पांच दिन बाद रची गई हत्या की साजिश, जानें पूरा केस

Meghalaya Honeymoon Murder Case: शादी के पांच दिन बाद रची गई हत्या की साजिश, जानें पूरा केस
Meghalaya Honeymoon Murder Case: शादी के पांच दिन बाद रची गई हत्या की साजिश, जानें पूरा केस

नई दिल्ली: इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला हर दिन नए खुलासों से सनसनीखेज होता जा रहा है। अब जो जानकारी सामने आई है, वह रिश्तों के नाम पर सबसे बड़ा धोखा साबित हो रही है। महज शादी के पांच दिन बाद, पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति की हत्या की पूरी साजिश रच दी थी।

मेघालय हनीमून का बहाना

राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। 20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए। लेकिन यह सफर सिर्फ एक साजिश का हिस्सा था। सूत्रों के मुताबिक सोनम और राज कुशवाहा ने 16 मई तक ही राजा को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया था, ताकि वह उनके प्रेम संबंध में बाधा न बने।

तस्वीरों के बहाने ले गई पहाड़ों पर

23 मई को राजा और सोनम मेघालय के चेरापूंजी के नोंग्रियाट गांव के पास एक होमस्टे में रुके थे। वहीं से सोनम ने राजा को एक फोटोशूट के बहाने पास के एक निर्जन पहाड़ी क्षेत्र में ले गई। उसी दौरान तीन हमलावर, जो सोनम की लोकेशन पहले से जानते थे, वहां पहुंचे और राजा की हत्या कर दी।

हत्या को लूट का रूप देने की थी योजना

पुलिस सूत्रों के अनुसार सोनम ने राज से कहा था, “राजा को खत्म कर देते हैं, और इसे लूट का मामला बना देते हैं। फिर मैं विधवा बनकर तुम्हारे साथ शादी कर लूंगी। मेरे पिता फिर कोई ऐतराज नहीं करेंगे।” इस साजिश में राज कुशवाहा ने भी हामी भर दी।

हत्या के बाद फरारी, फिर प्रेमी की गिरफ्तारी से टूटा हौसला

हत्या के बाद सोनम उसी शाम शिलॉन्ग से गुवाहाटी भाग गई और फिर ट्रेन से बनारस होते हुए यूपी के गाजीपुर पहुंची। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया। लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए राज कुशवाहा तक पहुंच बनाई और उसे इंदौर से गिरफ्तार कर लिया।राज की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सोनम का हौसला टूट गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

कैसे हुई साजिश की शुरुआत?

सोनम और राज कुशवाहा की मुलाकात लगभग पांच महीने पहले हुई थी। राज, सोनम के पिता के साथ काम करता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे, लेकिन सोनम जानती थी कि उसके हृदय रोगी पिता इस रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इसलिए उसने यह खौफनाक योजना बनाई।

2 जून को मिला राजा का शव

करीब 10 दिनों की खोजबीन के बाद 2 जून को राजा का शव मेघालय के खूबसूरत वेसॉडोंग जलप्रपात के पास एक खाई में मिला। सोनम उस समय तक फरार थी, जिसके बाद पुलिस ने देशभर में तलाश शुरू की। सोनम अंततः गाजीपुर के एक ढाबे पर मिली और वहीं से गिरफ्तार हुई।

यह मामला न केवल धोखे और हत्या का है, बल्कि यह उस अंधे प्रेम की भयावह तस्वीर भी है, जिसमें इंसान संवेदनाएं तक भूल बैठता है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है, और चारों आरोपियों — सोनम, राज कुशवाहा, विक्की ठाकुर और आनंद — पर हत्या की साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, जहां प्यार के नाम पर भरोसे की हत्या कर दी गई।

Digikhabar Team
DigiKhabar.in हिंदी ख़बरों का प्रामाणिक एवं विश्वसनीय माध्यम है जिसका ध्येय है "केवलं सत्यम" मतलब केवल सच सच्चाई से समझौता न करना ही हमारा मंत्र है और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारा उद्देश्य.