नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस की तीन अलग-अलग उड़ानों में बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक उड़ान को आपात स्थिति में दिल्ली लौटना पड़ा, जबकि दो अन्य उड़ानों को उड़ान भरने से पहले ही रोक दिया गया।
दिल्ली से लेह जा रही उड़ान की आपात लैंडिंग
फ्लाइट 6E 2006, जो दिल्ली से लेह जा रही थी, को तकनीकी कारणों के चलते उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही आपात लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में करीब 180 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। इंडिगो की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की।
भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर टेक-ऑफ से पहले रोकी गई उड़ान
इसी दिन सुबह इंडिगो फ्लाइट 6E 6101, जो भुवनेश्वर से कोलकाता जा रही थी, वो टेक-ऑफ से ठीक पहले रोका गया। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को संभावित तकनीकी गड़बड़ी की सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए एटीसी ने विमान को रनवे से वापस बुलाकर पार्किंग बे में भेज दिया, और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि कोई घायल नहीं हुआ और यात्रियों में घबराहट की कोई खबर नहीं है।
रायपुर एयरपोर्ट पर दरवाज़ा जाम, यात्री 40 मिनट फंसे
एक तीसरी घटना दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में देखने को मिली, जहां लैंडिंग के बाद विमान का दरवाज़ा जाम हो गया। दोपहर 2:25 बजे विमान ने समय पर लैंडिंग तो कर ली, लेकिन दरवाज़ा न खुलने के कारण यात्री करीब 40 मिनट तक अंदर ही फंसे रहे। ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत तकनीकी दिक्कत को सुलझाने की कोशिश की, जिसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
निगरानी में एयरलाइंस की तकनीकी विश्वसनीयता
तीन घटनाओं के एक ही दिन सामने आने से इंडिगो एयरलाइंस की तकनीकी विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र अब नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से इंडिगो को स्पष्टीकरण देने की उम्मीद जताई जा रही है।