Google search engine
Home भारत पहलगाम में हुआ आतंकी हमला, महिला पर्यटक का दावा—पहले धर्म पूछा, फिर...

पहलगाम में हुआ आतंकी हमला, महिला पर्यटक का दावा—पहले धर्म पूछा, फिर गोली मारी, 12 पर्यटक घायल, 1 की मौत

पहलगाम में हुआ आतंकी हमला, महिला पर्यटक का दावा—पहले धर्म पूछा, फिर गोली मारी, 12 पर्यटक घायल
पहलगाम में हुआ आतंकी हमला, महिला पर्यटक का दावा—पहले धर्म पूछा, फिर गोली मारी, 12 पर्यटक घायल

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने एक रिसॉर्ट को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 12 पर्यटक घायल हो गए। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीबारी बाईसारन मैदान के पास हुई, जहां सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तुरंत पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों ने करीब 3 से 5 मिनट तक गोलियां चलाईं और उसके बाद मौके से फरार हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे अनंतनाग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव दल मौके पर तैनात हैं, और घटनास्थल की निगरानी की जा रही है।

घटना के तुरंत बाद भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, स्पेशल फोर्सेस, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और सीआरपीएफ की 116 बटालियन ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि हमला पहलगाम-डोडा रूट पर नहीं हुआ।

घटना की चश्मदीद महिला पर्यटक ने मीडिया को फोन पर बताया कि आतंकियों ने पहले उसका नाम और धर्म पूछा, फिर गोली चला दी। महिला ने कहा, “मेरे पति को सिर में गोली मारी गई, जबकि सात अन्य भी घायल हो गए।”

घायलों की पहचान इस प्रकार की गई है:
विनो भट (गुजरात), माणिक पाटिल, रिनो पांडे, एस. बालाचंद्रु (महाराष्ट्र), डॉ. परमेश्वर, अभिजवान राव (कर्नाटक), संत्रु (तमिलनाडु), शशि कुमारी (ओडिशा) आदि।

किश्तवाड़ में हाई-टेक आतंकी ठिकाना भी उजागर

इस हमले से कुछ दिन पहले 14 अप्रैल को किश्तवाड़ जिले के छत्रू जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने 25 दिन चले एक ऑपरेशन के बाद एक अत्याधुनिक आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया था। यह ठिकाना पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आतंकियों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा था। इस ठिकाने में लंबी अवधि तक रहने की पूरी व्यवस्था थी—जिसमें वाई-फाई, सोलर पैनल, जीपीएस उपकरण, धार्मिक ग्रंथ और खाने-पीने का पर्याप्त सामान मौजूद था। इसके अलावा एक भूमिगत सुरंग भी मिली जो आतंकियों की योजनाबद्ध तैयारी का प्रमाण देती है। इस हमले ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है।

मनोज सिन्हा ने भी हमला को बताया निंदनीय

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए ‘कायरतापूर्ण’ आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, “मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि इस घृणित हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें इलाके में पहुंच गई हैं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।”

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का बयान

उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मृतकों की संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है, इसलिए मैं उन विवरणों में नहीं जाना चाहता। स्थिति स्पष्ट होने पर उन्हें आधिकारिक रूप से सूचित किया जाएगा। कहने की जरूरत नहीं है कि यह हमला हाल के वर्षों में नागरिकों पर किए गए किसी भी हमले से कहीं बड़ा है।”

Digikhabar Team
DigiKhabar.in हिंदी ख़बरों का प्रामाणिक एवं विश्वसनीय माध्यम है जिसका ध्येय है "केवलं सत्यम" मतलब केवल सच सच्चाई से समझौता न करना ही हमारा मंत्र है और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारा उद्देश्य.