थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर जंग जैसे हालात, 9 की मौत; एफ-16 हमलों से नोम पेन्ह दहला

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर जंग जैसे हालात, 9 की मौत; एफ-16 हमलों से नोम पेन्ह दहला
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर जंग जैसे हालात, 9 की मौत; एफ-16 हमलों से नोम पेन्ह दहला

नोम पेन्ह: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद अब भीषण संघर्ष में तब्दील हो गया है। दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हैं और सीमा पर लगातार गोलीबारी और हमलों का दौर जारी है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस संघर्ष में कम से कम 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

थाईलैंड ने एफ-16 फाइटर जेट से किया हमला

“द नोम पेन्ह पोस्ट” की रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड ने बृहस्पतिवार को 6 एफ-16 फाइटर जेट्स से कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह पर हमला किया। यह हमला कंबोडिया के कथित रॉकेट हमले के जवाब में किया गया। इस बीच कंबोडिया ने दावा किया है कि उसने थाईलैंड के एक फाइटर जेट को मार गिराया है।

संघर्ष के मुख्य इलाके

झड़पें मुख्य रूप से ता मुएन थॉम मंदिर, ता क्राबेई मंदिर, मोम बेई इलाका और प्रेह विहेयर मंदिर के आसपास हो रही हैं। ये इलाके दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद का केंद्र रहे हैं।

कंबोडियाई पीएम का बयान: ‘थाईलैंड ने युद्ध की शुरुआत की’

कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट ने थाई हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि, “थाई सेना ने ओदार मीन्चे प्रांत में कंबोडियाई चौकियों पर हमला कर युद्ध की शुरुआत की।” उन्होंने कहा कि कंबोडिया ने हमेशा शांति की नीति अपनाई है, लेकिन अब उनके पास जवाबी कार्रवाई के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।

“चकपोंग फुवनात” रणनीति फिर से सक्रिय

थाई मीडिया ‘थाई पीबीएस वर्ल्ड’ के अनुसार, थाई सेना ने अपनी पुरानी “चकपोंग फुवनात सैन्य रणनीति” को एक बार फिर लागू किया है। यह वही रणनीति है जिसका उपयोग 2008-2011 के प्रेह विहेयर मंदिर विवाद में किया गया था।

सेना और सरकार की संयुक्त कार्रवाई

प्रधानमंत्री हुन मानेट ने आश्वस्त किया कि कंबोडियाई सेना और सरकार पूरी ताकत के साथ राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा में जुटी है। साथ ही, प्रभावित नागरिकों को हरसंभव सहायता मुहैया कराई जा रही है।

सीनेट अध्यक्ष हुन सेन ने बताया कि थाई सेना ने 23 जुलाई को ता मुएन थॉम मंदिर को बंद करने का आदेश दिया था, जिसके अगले ही दिन यह सैन्य संघर्ष शुरू हो गया।

जनता से संयम की अपील

प्रधानमंत्री हुन सेन ने देशवासियों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा, “केवल ओदार मीन्चे और प्रेह विहेयर प्रांत की सीमावर्ती इलाकों को छोड़कर बाकी सभी क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य है, कृपया घबराएं नहीं, न ही अनावश्यक राशन जमा करें।”

हालात बेहद तनावपूर्ण

कंबोडियाई पत्रकार सोई सोफीप के अनुसार, सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण हैं और सेना के साथ आम नागरिकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दोनों देशों की सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।