गया में होमगार्ड भर्ती के दौरान महिला के साथ एंबुलेंस में गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

गया में होमगार्ड भर्ती के दौरान महिला के साथ एंबुलेंस में गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार
गया में होमगार्ड भर्ती के दौरान महिला के साथ एंबुलेंस में गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

पटना: बिहार के गया ज़िले में होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शारीरिक परीक्षा के दौरान बेहोश हुई 26 वर्षीय महिला उम्मीदवार के साथ एंबुलेंस में गैंगरेप का आरोप लगा है। यह घटना 24 जुलाई को बोधगया स्थित बिहार मिलिट्री पुलिस ग्राउंड में हुई, जहां भर्ती की प्रक्रिया चल रही थी।

पुलिस के अनुसार, शारीरिक परीक्षा के दौरान महिला बेहोश हो गई थी, जिसके बाद उसे मैदान में मौजूद एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। महिला का आरोप है कि इसी दौरान एंबुलेंस में उसके साथ 3-4 लोगों ने मिलकर गैंगरेप किया।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता को घटनाक्रम की पूरी जानकारी नहीं थी क्योंकि वह अर्ध-बेहोशी की अवस्था में थी, लेकिन होश में आने के बाद उसने अस्पताल और पुलिस को आपबीती बताई।

बोधगया थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) और फोरेंसिक टीम को जांच में लगाया। कुछ ही घंटों में SIT ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान एंबुलेंस ड्राइवर विनय कुमार और टेक्नीशियन अजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच से एंबुलेंस की मूवमेंट और समय-सीमा की पुष्टि हुई है।

इस घटना पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद चिराग पासवान ने राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं जहां अपराध बेकाबू हो गया है। यह आम लोगों की ज़िंदगी से खिलवाड़ है।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर यह घटनाएं सरकार को बदनाम करने के मकसद से भी कराई जा रही हैं, तब भी सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इसे रोके। हत्या, रेप, डकैती, छेड़खानी जैसी वारदातों की बाढ़ आ गई है।”

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।