अब खाने के पैकेट पर दिखेगा ‘हाई शुगर, हाई फैट और हाई सॉल्ट’, सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को बड़ा निर्देश

FASSAI

नई दिल्ली: खाने-पीने की पैक्ड चीजों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (26 नवंबर) को बड़ा निर्देश दिया। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया है कि ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले पैकेज्ड फूड पर पैकेट के सामने की तरफ साफ चेतावनी वाले लेबल लगाए जाएं।

इसका मकसद लोगों को खाने की चीजें खरीदते समय यह समझने में मदद करना है कि किसी प्रोडक्ट में कितनी मात्रा में चीनी, नमक या फैट मौजूद है। इससे ग्राहक बिना न्यूट्रिशन टेबल को बारीकी से पढ़े भी अपनी सेहत के हिसाब से सही फैसला ले सकेंगे।

कोर्ट ने कहा कि पैकेट के सामने अलग-अलग हेक्सागोन यानी छह कोनों वाले आकार में चेतावनी दिखाई जानी चाहिए। इसमें ‘HIGH SUGAR’, ‘HIGH SALT’ और ‘HIGH FAT’ लिखा होगा। जिस प्रोडक्ट में जिस पोषक तत्व की मात्रा तय सीमा से ज्यादा होगी, उसके लिए अलग चेतावनी लगानी होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को यह भी निर्देश दिया कि वह चीनी और फैट की मात्रा तय करने के लिए सिर्फ एडेड शुगर और एडेड फैट पर निर्भर न रहे, बल्कि कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को भी ध्यान में रखे।

कोर्ट ने FSSAI को करीब चार महीने के भीतर नए नियमों का ड्राफ्ट तैयार करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। इसके बाद कंपनियों को नए नियमों का पालन करने के लिए 365 दिनों का समय दिया जा सकता है। कोर्ट ने करीब 10 सप्ताह बाद मामले की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी है।

सुप्रीम कोर्ट की यह पहल लोगों के स्वास्थ्य और खाने को लेकर सही जानकारी पाने के अधिकार से जुड़ी है। खासकर बच्चों और युवाओं में बढ़ती जंक फूड की आदत को देखते हुए इसे अहम कदम माना जा रहा है।