Rudraprayag Bus Accident: अलकनंदा नदी में गिरी मिनी बस, 1 की मौत, 7 घायल, 11 लापता

Rudraprayag Bus Accident: अलकनंदा नदी में गिरी मिनी बस, 1 की मौत, 7 घायल, 11 लापता

Rudraprayag Bus Accident: अलकनंदा नदी में गिरी मिनी बस, 1 की मौत, 7 घायल, 11 लापता

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जिले के घोलतीर इलाके में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और तेज बहाव वाली अलकनंदा नदी में समा गई।

हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो 9 वर्षीय बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के लिए SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

हादसा कैसे हुआ?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक मिनी बस और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सीधी खाई में जा गिरी और फिर अलकनंदा नदी में समा गई।

बस में कुल 18 से 19 लोग सवार थे। टक्कर के वक्त सात लोग बस से छटक कर बाहर गिर गए, जिन्हें बचा लिया गया। लेकिन शेष यात्री बस सहित नदी में बह गए। बताया जा रहा है कि सभी यात्री केदारनाथ यात्रा पूरी करने के बाद रात रुद्रप्रयाग में रुके थे और सुबह बद्रीनाथ के लिए रवाना हुए थे। गोचर के पास यह भीषण हादसा हो गया।

तेज बारिश और नदी में उफान बनी मुसीबत

क्षेत्र में बीते कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव बहुत तेज है। इस कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कतें आ रही हैं। आशंका है कि कई यात्री नदी के तेज बहाव में बह गए हैं।

11 लोग अब भी लापता

SDRF की टीम और स्थानीय प्रशासन लापता 11 लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। गोताखोरों की मदद ली जा रही है, और नदी के किनारे-किनारे खोज अभियान जारी है।

पुलिस का बयान

पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता, आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया, “रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर इलाके में एक मिनी बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस में 18 लोग सवार थे। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।”

प्रशासन अलर्ट, यात्रियों को सतर्क रहने की अपील

हादसे के बाद प्रशासन ने यात्रियों से खराब मौसम में पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता बरतने की अपील की है। भारी बारिश की वजह से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और दृश्यता भी कम हो रही है। यह हादसा चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सड़क स्थितियों पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

About The Author

You may have missed