रूस का विमान हवा में गायब, रडार से गायब हुआ एएन-24 पैसेंजर प्लेन, 50 लोगों थे सवार

रूस का विमान हवा में गायब, रडार से गायब हुआ एएन-24 पैसेंजर प्लेन, 50 लोगों थे सवार
रूस का विमान हवा में गायब, रडार से गायब हुआ एएन-24 पैसेंजर प्लेन, 50 लोगों थे सवार

नई दिल्ली/मॉस्को: रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र से एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आ रही है। अंगारा एयरलाइंस का एक एएन-24 पैसेंजर विमान गुरुवार को अचानक रडार से गायब हो गया। इस विमान में लगभग 50 लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है।

रूसी समाचार एजेंसियों इंटरफैक्स और शॉट के मुताबिक, यह विमान चीन की सीमा से लगे अमूर क्षेत्र के टिंडा शहर की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूटा, वह अपने गंतव्य से महज कुछ किलोमीटर दूर था।

प्रारंभिक आंकड़े: 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर

क्षेत्रीय गवर्नर वासिली ओरलोव ने जानकारी दी कि विमान में कुल 49 लोग सवार थे, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा, “विमान की तलाश के लिए सभी आवश्यक बल और साधन तैनात कर दिए गए हैं।”

हालांकि रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने विमान में सवार यात्रियों की संख्या कुछ कम, लगभग 40 बताई है। फिलहाल इस संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

तलाशी अभियान शुरू

विमान के लापता होने की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल को सक्रिय कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन, आपातकालीन सेवाएं और सेना के विशेष खोजी दलों को घटनास्थल के संभावित क्षेत्रों में भेजा गया है।

अभी तक कोई संपर्क नहीं

विमान के अंतिम लोकेशन का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन अब तक इसका कोई सुराग नहीं मिला है। मौसम की खराबी और इलाके की दुर्गमता तलाशी अभियान में बड़ी चुनौती बनी हुई है।

निगाहें राहत की खबर पर

पूरा रूस इस हादसे को लेकर चिंता में है और लोग विमान में सवार यात्रियों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लगातार जानकारी साझा की जा रही है और अगला अपडेट मिलने तक देश की निगाहें तलाशी अभियान की सफलता पर टिकी हैं।

(यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है।)