बलात्कार के आरोप में ज़मानत पर बाहर निकले आरोपी ने पीड़िता को मारी गोली, दो युवक गिरफ्तार

बलात्कार के आरोप में ज़मानत पर बाहर निकले आरोपी ने पीड़िता को मारी गोली, दो युवक गिरफ्तार
बलात्कार के आरोप में ज़मानत पर बाहर निकले आरोपी ने पीड़िता को मारी गोली, दो युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के वसंत विहार इलाके में एक महिला पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़िता ने पिछले साल जिस व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, उसी ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी। आरोपी अबुजैर सफी अंतरिम जमानत पर बाहर था और महिला से रंजिश रखता था। पुलिस के अनुसार, महिला को सीने में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल पीसीआर वैन के जरिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना बुधवार को हुई जब दो युवक एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और महिला पर फायरिंग की। पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग अबुजैर सफी (30) ने की, जो उस समय अंतरिम जमानत पर था। उसके साथ मौजूद आरोपी की पहचान अमन शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने अमन को गुरुवार और सफी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

घटना स्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस को एक लावारिस ऑटो रिक्शा मिला। ड्राइवर रंजीत यादव ने बताया कि उसकी सवारी महिला को गोली लगी थी और पुलिस वैन ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

पीड़िता के बयान के आधार पर वसंत विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या के प्रयास) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आर्म्स एक्ट के तहत भी धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी अबुजैर सफी पीड़िता द्वारा दुष्कर्म का केस दर्ज कराने से बेहद नाराज था। उसने महिला से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब उसे कोई जवाब नहीं मिला तो उसका गुस्सा और बढ़ गया।

पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और सोशल मीडिया का सहारा लिया। इसी के आधार पर अमन शुक्ला को गिरफ्तार किया गया और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। अगले दिन अबुजैर सफी को पकड़ा गया और उसके पास से कथित हथियार भी जब्त किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड क्या है।