नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2025 के मॉनसून को लेकर देशभर के किसानों और आम जनता को बड़ी राहत देने वाली खबर दी है। मंगलवार को IMD ने घोषणा की कि इस साल भारत में मॉनसून की बारिश सामान्य से अधिक यानी लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) का 105% होने की संभावना है।
हालांकि, यह अनुमान ±5% की त्रुटि सीमा के साथ जारी किया गया है, जो इंगित करता है कि देश के अधिकांश हिस्सों में मौसमी बारिश भरपूर होगी।
किन राज्यों को मिलेगी कम बारिश?
जहां देश के ज़्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश की उम्मीद है, वहीं लद्दाख, उत्तर-पूर्वी राज्य और तमिलनाडु में इस बार सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। हर साल की तरह इस बार भी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में लगभग 1 जून से दस्तक देगा और मध्य सितंबर तक वापस लौट जाएगा।
क्या हैं इस बार के मौसम के संकेत?
IMD ने बताया कि इस बार दो बड़े जलवायु संकेतक –
- एल नीनो (El Niño) और
- इंडियन ओशियन डाइपोल (IOD)
न्यूट्रल स्थिति में रहने वाले हैं, जिससे भारत में एक मजबूत और स्थिर मॉनसून की उम्मीद की जा रही है।
इतना ही नहीं, हिमालय और यूरेशिया क्षेत्र में बर्फ की परत सामान्य से कम पाई गई है। इतिहास गवाह है कि ऐसे हालातों में भारत में अच्छी बारिश होती है।