पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मंगलवार, 27 मई को अपने दूसरे संतान के जन्म की खुशी साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने नवजात बेटे की पहली तस्वीर साझा करते हुए यह खुशखबरी दी।
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा,
“सुप्रभात! इंतजार खत्म हुआ! बेहद आभारी, धन्य और प्रसन्न हूं कि हमारे छोटे राजकुमार का आगमन हुआ है। जय हनुमान!”
तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री यादव (पूर्व नाम रशेल गोडिन्हो) के पहले संतान का जन्म नवरात्रि 2023 के दौरान हुआ था। उनकी बेटी का नाम कात्यायनी है। अब यह दंपति एक बेटे के माता-पिता भी बन गए हैं।
2021 में की थी शादी
तेजस्वी यादव ने दिसंबर 2021 में अपने स्कूल की पुरानी मित्र रशेल गोडिन्हो से शादी की थी। शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सादे समारोह में दिल्ली में हुई थी। शादी के बाद रशेल ने अपना नाम बदलकर राजश्री यादव रखा था। दोनों ने दिल्ली के डीपीएस, आरकेपुरम से साथ पढ़ाई की थी।
तेजस्वी यादव के परिवार और समर्थकों में इस खुशी के मौके पर उत्साह और बधाइयों का सिलसिला जारी है। राजद नेता के पिता और पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव तथा मां राबड़ी देवी भी एक बार फिर दादा-दादी बनने की खुशी में झूम उठे हैं।