Home Blog Page 3

लोकतंत्र में विरोध की सीमा: अधिकार या टकराव?

लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताक़त चुनाव नहीं, असहमति को सुनने की क्षमता होती है।”

जब भी देश की सड़कों पर प्रदर्शन होते हैं, तो दो सवाल हमेशा साथ खड़े दिखाई देते हैं।

पहला-
क्या नागरिकों को विरोध करने का अधिकार है?

दूसरा-
क्या राज्य को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का अधिकार है?

यही वह बिंदु है जहाँ लोकतंत्र की सबसे कठिन परीक्षा शुरू होती है।

हाल के दिनों में जंतर-मंतर और संसद मार्च से जुड़े घटनाक्रम ने एक बार फिर इस बहस को राष्ट्रीय स्तर पर ला खड़ा किया है। एक ओर प्रदर्शनकारी अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की बात कर रहे हैं, तो दूसरी ओर प्रशासन सार्वजनिक सुरक्षा, संसद क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी का हवाला दे रहा है।

विरोध का अधिकार कहाँ से आता है?

भारतीय संविधान में “विरोध” शब्द सीधे नहीं लिखा गया है, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय और विधिक व्याख्याओं ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार अनुच्छेद 19(1)(a) (अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता) और अनुच्छेद 19(1)(b) (शांतिपूर्वक और बिना हथियार एकत्र होने का अधिकार) से उत्पन्न होता है।

यानी लोकतंत्र में सरकार से असहमति जताना केवल राजनीतिक अधिकार नहीं, बल्कि संवैधानिक स्वतंत्रता का हिस्सा है।

लेकिन क्या यह पूर्ण अधिकार है?

उत्तर है- नहीं।

संविधान स्वयं कहता है कि इन अधिकारों पर उचित प्रतिबंध” (Reasonable Restrictions) लगाए जा सकते हैं।

इन प्रतिबंधों का उद्देश्य है-

  • सार्वजनिक व्यवस्था (Public Order)
  • राज्य की सुरक्षा
  • देश की अखंडता
  • नैतिकता और शालीनता
  • अपराध के लिए उकसावे की रोकथाम

इसी कारण भारत में अधिकांश सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की व्यवस्था होती है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं।

सुप्रीम कोर्ट क्या कहता है?

सर्वोच्च न्यायालय ने Mazdoor Kisan Shakti Sangathan बनाम Union of India मामले में कहा था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन मौलिक अधिकार है, लेकिन इस अधिकार और आम नागरिकों के अधिकारों- जैसे आवागमन, शांति और सुरक्षा के बीच संतुलन आवश्यक है। न्यायालय ने यह भी कहा कि किसी एक अधिकार को पूरी तरह समाप्त कर देना समाधान नहीं है; उद्देश्य संतुलन होना चाहिए।

दूसरे शब्दों में-

लोकतंत्र न तो विरोध को पूरी तरह रोकने की अनुमति देता है और न ही विरोध के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता की।

हाल की बहस क्यों महत्त्वपूर्ण है?

हालिया छात्र प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ आवश्यकता से अधिक बल प्रयोग किया गया। दूसरी ओर दिल्ली पुलिस का कहना था कि संसद क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से प्रतिबंध लागू थे, आवश्यक अनुमति नहीं थी और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी थी।

इसी घटनाक्रम के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में याचिकाएँ भी दायर हुई हैं, जिन पर सुनवाई निर्धारित की गई है।

इससे स्पष्ट है कि यह बहस केवल एक प्रदर्शन तक सीमित नहीं है; यह इस प्रश्न से जुड़ी है कि लोकतांत्रिक विरोध और राज्य की शक्ति के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।

लोकतंत्र की असली परीक्षा

लोकतंत्र में सरकार का दायित्व केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि संवाद की संभावना को जीवित रखना भी है।

उसी तरह नागरिकों की जिम्मेदारी केवल अपनी बात कहना नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीकों का पालन करना भी है।

जब संवाद समाप्त होता है, तब टकराव शुरू होता है।

और जब टकराव बढ़ता है, तब दोनों पक्ष अपनी-अपनी वैधता साबित करने में लग जाते हैं, जबकि सबसे बड़ा नुकसान लोकतांत्रिक विश्वास को होता है।

 

निष्कर्ष

लोकतंत्र में विरोध न तो अपराध है और न ही असीमित अधिकार।

यह एक संवैधानिक स्वतंत्रता है, जो कानून और सार्वजनिक व्यवस्था के साथ संतुलन बनाकर चलती है।

शायद आज सबसे बड़ा प्रश्न यह नहीं है कि कौन सही था और कौन गलत।

बल्कि यह है कि-

क्या भारत जैसा लोकतंत्र ऐसा तंत्र विकसित कर सकता है, जहाँ असहमति का जवाब बैरिकेड्स से पहले संवाद से मिले?

क्योंकि किसी भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताक़त यह नहीं होती कि वह विरोध को कितनी जल्दी रोक सकता है-

बल्कि यह होती है कि वह विरोध की आवाज़ को कितनी गंभीरता से सुन सकता है।

धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा… PM मोदी को भेजी चिट्ठी, जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोचों’ के संग्राम के बाद बड़ा फैसला

NEET-UG विवाद और देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा भेज दिया है | सोशल मीडिया पर साझा पत्र में उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य किसी भी विवाद से ऊपर है. उन्होंने परीक्षा सुधार, CBI जांच और CBT व्यवस्था का जिक्र करते हुए पद छोड़ने की वजह बताई |

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है. NEET-UG परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर देशभर में जारी विवाद और जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच उन्होंने यह फैसला लिया. धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया और इस्तीफा देने की वजह भी बताई.

अपने चिट्ठी में उन्होंने लिखा कि पिछले चार दशक से अधिक समय से वह छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहे हैं. उनका हमेशा से मानना रहा है कि मजबूत, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही किसी भी राष्ट्र के विकास की आधारशिला होती है.

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की. मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया और अगले साल से NEET को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित करने की घोषणा की गई.”

धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा निष्पक्ष और सुचारु रूप से कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता थी. इसके लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, छात्रों और अभिभावकों के सहयोग से 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई. 16 जुलाई को घोषित परिणामों में गरीब और वंचित परिवारों के कई प्रतिभाशाली छात्रों को सफलता मिली, लेकिन कुछ जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों ने छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की, जिससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा.

अपने इस्तीफे पर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछले 10 दिनों की घटनाओं ने उन्हें बेहद व्यथित किया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनके व्यक्तिगत सम्मान का विषय नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का सवाल है. उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि छात्रों का भविष्य कानूनी विवादों और राजनीतिक टकराव में उलझे या उनका ध्यान पढ़ाई से भटके. इसी भावना के साथ उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया.

चिट्ठी के आखिर में धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मंत्रिपरिषद के सहयोगियों, शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आगे भी वह भारत माता, ओडिशा की जनता और देश के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे.

सोनम वांगचुक के 26 दिन: क्या बदला और क्या अब भी बाकी है?

26 दिन,

बिना अन्न के।

एक अस्पताल का कमरा,  देशभर की निगाहें

और एक सवाल

क्या एक व्यक्ति का अनशन व्यवस्था को झुकाने के लिए काफी होता है?

24 जुलाई को सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार के पक्षधर सोनम वांगचुक ने अपना 26 दिनों का अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया।

लेकिन क्या यह आंदोलन भी समाप्त हो गया?

शायद नहीं।

अनशन क्यों शुरू हुआ था?

सोनम वांगचुक ने 28 जून को अनशन शुरू किया।

उनका उद्देश्य सिर्फ़ अपना विरोध दर्ज कराना नहीं था।

वे उन छात्र आंदोलनों के समर्थन में बैठे थे जो परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं, जवाबदेही और शिक्षा सुधार की मांग कर रहे थे।

धीरे-धीरे यह अनशन केवल एक व्यक्ति का विरोध नहीं रहा।

यह युवाओं के भरोसे और शिक्षा व्यवस्था पर उठते सवालों का प्रतीक बन गया।

26 दिन बाद क्या बदला?

26 दिन बाद.

केंद्र सरकार के साथ बातचीत हुई।

केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने वांगचुक से मुलाकात की।

इसके बाद वांगचुक ने अनशन समाप्त करने की घोषणा की।

उनके अनुसार सरकार ने कुछ महत्त्वपूर्ण आश्वासन दिए-

  • शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।
  • परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही और सुधार के मुद्दे संसद में उठाए जाएंगे।
  • पेपर लीक से जुड़े मामलों पर आगे कार्रवाई की दिशा में पहल होगी।

लेकिन क्या आंदोलन खत्म हो गया?

यहीं कहानी दिलचस्प हो जाती है।

वांगचुक ने अनशन समाप्त किया,

लेकिन आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संगठनों ने साफ़ कहा कि उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

उनका तर्क है-

जब तक उनकी मूल मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन भी जारी रहेगा।

यानी-

अनशन खत्म हुआ है, आंदोलन नहीं।

इस पूरे घटनाक्रम ने क्या सिखाया?

लोकतंत्र में विरोध होना नई बात नहीं है लेकिन यह घटनाक्रम एक बार फिर दिखाता है कि

संवाद, टकराव से अधिक प्रभावी रास्ता हो सकता है।

आख़िरकार कई दौर की बातचीत के बाद ही समाधान की दिशा बनी।

सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है

क्या यह सिर्फ़ एक अनशन का अंत है?

या

शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की शुरुआत?

यह आने वाले दिनों में संसद की चर्चा, सरकारी फैसलों और लागू होने वाले सुधारों से तय होगा।

निष्कर्ष

सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करते हुए एक महत्त्वपूर्ण संदेश दिया-

“End of Hunger, Beginning of Accountability.”

यानी-

भूख का अंत हुआ है लेकिन जवाबदेही की मांग अभी खत्म नहीं हुई।

अब नज़र इस बात पर होगी कि-

क्या दिए गए आश्वासन ज़मीन पर दिखाई देंगे?

या यह भी भारत के आंदोलनों के इतिहास का एक और अधूरा अध्याय बनकर रह जाएगा।

युवाओं के भविष्य के लिए हम संसद से सड़क तक पूरी शक्ति से खड़े हैं – शाहिद मंजूर

रामपुर: स्थानीय संवाददाता। रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में समाजवादी पार्टी ने राजनीतिक और कानूनी लड़ाई तेज कर दी है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में पार्टी का 45 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को रामपुर पहुंचा और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने तथा मामले में वैधानिक प्रक्रिया के तहत पुनर्विचार की मांग की।


प्रतिनिधिमंडल में शामिल विधायकों, सांसदों, जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर करते हुए कहा कि यह मामला हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ा है।


इस दौरान यूपी सरकार के पूर्व मंत्री और किठौर से विधायक शाहिद मंजूर ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिना समुचित जांच और संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किए किसी भी प्रकार की विध्वंसात्मक कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि हम युवाओं के भविष्य के लिए प्रदेश से लेकर देश तक पूरी शक्ति के साथ खड़े हैं।
वहीं , ज्ञापन में यह भी दावा किया गया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय संबंधित भूमि रेगुलेटेड एरिया में शामिल नहीं थी, इसलिए उस समय आरक्षित पट्टे के तहत अनुमति लेने का प्रश्न ही नहीं उठता था।


गौरतलब है कि रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने विश्वविद्यालय परिसर के 40 में से 38 भवनों को अवैध निर्माण बताते हुए उन्हें ध्वस्त करने का आदेश दिया है। प्राधिकरण का कहना है कि केवल दो भवनों के नक्शे स्वीकृत थे, जबकि शेष 38 भवन बिना वैध अनुमति के बनाए गए। नोटिस के बावजूद संतोषजनक जवाब न मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

डिग्री है लेकिन भविष्य कहाँ है?

शिक्षा बनाम रोजगार: क्या भारत अपने युवाओं से किया सबसे बड़ा वादा निभा पा रहा है?

भारत का सबसे बड़ा संकट बेरोज़गारी नहीं है।

भारत का सबसे बड़ा संकट है- उम्मीद और हक़ीक़त के बीच बढ़ती दूरी।

एक ओर करोड़ों परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई पर अपनी जीवनभर की कमाई खर्च कर रहे हैं।

दूसरी ओर, वही पढ़े-लिखे युवा डिग्री हाथ में लेकर नौकरी की कतार में खड़े हैं।

सवाल सिर्फ़ इतना नहीं है कि रोज़गार कहाँ है।

सवाल यह भी है कि-

क्या हमारी शिक्षा व्यवस्था युवाओं को उस दुनिया के लिए तैयार कर रही है, जहाँ उन्हें नौकरी मिलनी है?

भारत ने शिक्षा का विस्तार किया लेकिन क्या रोजगार भी उतनी ही तेज़ी से बढ़े?

पिछले दो दशकों में भारत में उच्च शिक्षा तक पहुँच ऐतिहासिक रूप से बढ़ी है।

विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़ी, कॉलेज बढ़े हैं, ग्रेजुएट्स बढ़े की संख्या बढ़ी है लेकिन Azim Premji University की State of Working India 2026 रिपोर्ट एक असहज सच्चाई सामने रखती है।

रिपोर्ट कहती है-

भारत में जितनी तेज़ी से ग्रेजुएट्स की संख्या बढ़ी है, उतनी तेज़ी से उनके लिए उपयुक्त रोजगार नहीं बढ़े।

यह सिर्फ़ एक आर्थिक समस्या नहीं बल्कि सामाजिक असंतोष की शुरुआत भी हो सकती है।

11 मिलियन बेरोज़गार ग्रेजुएट, आखिर यह संकेत किस ओर है?

रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 में 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 6.3 करोड़ युवा ग्रेजुएट थे।

इनमें से लगभग 1.1 करोड़ (11 मिलियन) युवा बेरोज़गार थे।

यह आँकड़ा सिर्फ़ एक संख्या नहीं है बल्कि उन लाखों परिवारों की कहानी है जिन्होंने शिक्षा को भविष्य का टिकट समझा लेकिन मंज़िल अब भी दूर है।

समस्या सिर्फ़ नौकरी की नहीं, कौशल की भी है

अगर आज कंपनियों से पूछा जाए कि उनकी सबसे बड़ी चुनौती क्या है तो उनका जवाब अक्सर होता है-

हमें डिग्री नहीं, योग्य उम्मीदवार चाहिए।”

यानी भारत में एक तरफ़ लाखों युवा नौकरी खोज रहे हैं।

दूसरी तरफ़ उद्योगों को प्रशिक्षित और सक्षम कार्यबल की कमी महसूस हो रही है।

यही वह Skill Mismatch है जिसकी ओर कई अध्ययन लगातार इशारा कर रहे हैं।

सरकार की तस्वीर क्या कहती है?

सरकारी Periodic Labour Force Survey (PLFS) के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में कुल युवा बेरोज़गारी दर में कमी दर्ज की गई है।

यानी रोजगार बाज़ार में सुधार के संकेत मिले हैं।

लेकिन यही सरकारी आँकड़े यह भी दिखाते हैं कि उच्च शिक्षित युवाओं में बेरोज़गारी अब भी अपेक्षाकृत अधिक बनी हुई है।

यानी समस्या सिर्फ़ नौकरी की संख्या नहीं है।

समस्या है-

योग्य रोजगार (Quality Employment) की।

भारत के सामने सबसे बड़ा अवसर और सबसे बड़ा जोखिम-

भारत को दुनिया का सबसे युवा देश कहा जाता है।

अगले कुछ वर्षों तक हमारे पास सबसे बड़ी कार्यशील आबादी होगी।

अर्थशास्त्री इसे Demographic Dividend कहते हैं।

लेकिन इतिहास बताता है कि युवा आबादी तभी ताक़त बनती है, जब उसे शिक्षा के बाद सम्मानजनक रोजगार मिले।

वरना यही जनसांख्यिकीय लाभ सबसे बड़ी सामाजिक चुनौती में बदल सकता है।

समाधान कहाँ है?

समाधान सिर्फ़ नई यूनिवर्सिटी खोलना नहीं है।

समाधान है-

  • उद्योगों की ज़रूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम।
  • कौशल आधारित शिक्षा।
  • अप्रेंटिसशिप और इंटर्नशिप का विस्तार।
  • स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़ा रोजगार।
  • और ऐसी नीति जहाँ डिग्री का मूल्य बाज़ार की वास्तविक ज़रूरतों से जुड़ा हो।

निष्कर्ष

आज का भारतीय युवा दया नहीं माँग रहा।

वह आरक्षण की बहस भी नहीं कर रहा।

वह सिर्फ़ इतना पूछ रहा है-

अगर शिक्षा सफलता की पहली सीढ़ी है तो उस सीढ़ी के बाद दरवाज़ा क्यों बंद है?

क्योंकि जब एक समाज अपने युवाओं को शिक्षा तो देता है लेकिन अवसर नहीं तो समस्या सिर्फ़ बेरोज़गारी नहीं रहती।

वह विश्वास का संकट बन जाती है।

और शायद भारत को आने वाले वर्षों में सबसे अधिक इसी विश्वास की रक्षा करनी होगी।

जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा: आखिर छह साल बाद भी अधूरा क्यों है यह वादा?

अगर किसी राज्य का अपना मुख्यमंत्री हो, अपनी विधानसभा हो, लेकिन एक दिन वह राज्य ही न रहे तो क्या होगा?

यही सवाल आज भी जम्मू-कश्मीर के साथ जुड़ा हुआ है।

2019 में अनुच्छेद 370 हटाया गया। राज्य का पुनर्गठन हुआ। और जम्मू-कश्मीर को एक पूर्ण राज्य से केंद्र शासित प्रदेश (Union Territory) में बदल दिया गया।

उस समय सरकार ने कहा था कि यह कदम बेहतर प्रशासन, तेज़ विकास और राष्ट्रीय एकीकरण के लिए ज़रूरी है।

लेकिन छह साल बाद भी एक सवाल लगातार उठ रहा है-

आख़िर जम्मू-कश्मीर को दोबारा राज्य का दर्जा कब मिलेगा?

क्या हुआ था 2019 में?

5 अगस्त, 2019 को केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी किया और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम लागू किया।

इसके तहत पुराने राज्य को दो हिस्सों में बाँटा गया-

  • जम्मू-कश्मीर (विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश)
  • लद्दाख (बिना विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश)

यह भारत के संवैधानिक इतिहास के सबसे बड़े प्रशासनिक बदलावों में से एक था।

सरकार क्या कहती है?

केंद्र सरकार लगातार यह कहती रही है कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था, निवेश, पर्यटन और बुनियादी ढाँचे में सुधार हुआ है।

सरकार ने संसद और सर्वोच्च न्यायालय में भी यह कहा कि जम्मू-कश्मीर को उचित समय पर राज्य का दर्जा वापस दिया जाएगा, लेकिन पहले वहाँ सामान्य स्थिति और स्थिरता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

केंद्र का तर्क है कि सुरक्षा और प्रशासनिक परिस्थितियों को देखते हुए यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।

विपक्ष और स्थानीय दल क्या कहते हैं?

दूसरी ओर, कई राजनीतिक दलों और स्थानीय नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र की पूर्ण बहाली के लिए राज्य का दर्जा आवश्यक है।

उनका तर्क है कि-

  • चुनी हुई सरकार के अधिकार सीमित हैं।
  • कई महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय केंद्र के अधीन रहते हैं।
  • संघीय ढाँचे की भावना तभी पूरी होगी जब जम्मू-कश्मीर को फिर से पूर्ण राज्य बनाया जाएगा।

इसी मांग को लेकर समय-समय पर प्रदर्शन और राजनीतिक अभियान भी चलाए गए हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

दिसंबर 2023 में सर्वोच्च न्यायालय ने अनुच्छेद 370 से जुड़े फैसले पर अपना निर्णय सुनाया।

अदालत ने पुनर्गठन की संवैधानिक वैधता को बरकरार रखा, लेकिन साथ ही यह भी दर्ज किया कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने का आश्वासन दिया है और इसे यथाशीघ्र पूरा करने की दिशा में कदम उठाने की बात कही गई थी।

अदालत ने विधानसभा चुनाव कराने पर भी बल दिया।

अब सबसे बड़ा सवाल-

अगर चुनाव हो चुके हैं, अगर विधानसभा मौजूद है, अगर जनप्रतिनिधि जनता के बीच हैं तो क्या अगला कदम पूर्ण राज्य का दर्जा होना चाहिए?

या केंद्र सरकार को अभी भी लगता है कि सुरक्षा और प्रशासनिक परिस्थितियाँ पूरी तरह अनुकूल नहीं हुई हैं?

यही वह प्रश्न है, जिस पर आज देशभर में बहस जारी है।

यह मुद्दा सिर्फ़ जम्मू-कश्मीर का नहीं है

यह भारत के संघीय ढाँचे, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और केंद्र-राज्य संबंधों से जुड़ा प्रश्न भी है।

एक पक्ष मानता है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दूसरा पक्ष कहता है कि लोकतंत्र की मजबूती चुनी हुई राज्य सरकारों और पूर्ण संवैधानिक अधिकारों से आती है।

दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क रखते हैं।

निष्कर्ष

जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं है।

यह विश्वास, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ा विषय है।

अब निगाहें इस बात पर हैं कि-

क्या सरकार अपने पहले के आश्वासन के अनुरूप राज्य का दर्जा बहाल करने की दिशा में अगला कदम उठाएगी?

या यह मुद्दा अभी और समय तक भारतीय राजनीति की सबसे बड़ी बहसों में शामिल रहेगा?

क्योंकि सवाल सिर्फ़ एक राज्य का नहीं बल्कि सवाल उस भरोसे का है, जो संविधान और लोकतंत्र दोनों की नींव है।

जंतर-मंतर से संसद तक: विरोध, पुलिस कार्रवाई और लोकतंत्र के बीच खड़ा सबसे बड़ा सवाल

क्या लोकतंत्र की असली परीक्षा चुनाव के दिन होती है?

शायद नहीं।

लोकतंत्र की सबसे कठिन परीक्षा तब होती है, जब सड़क पर खड़ा एक नागरिक सरकार से सवाल पूछता है और सरकार उसके जवाब में क्या करती है।

दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर देश की राजनीति और लोकतांत्रिक बहस का केंद्र बन गया है। यह सिर्फ़ एक प्रदर्शन स्थल नहीं रहा, बल्कि सरकार, प्रदर्शनकारियों और नागरिक अधिकारों के बीच चल रही बहस का प्रतीक बन चुका है।

इस बार प्रदर्शन की शुरुआत शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और जवाबदेही की मांग से हुई। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे समूह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और प्रभावित छात्रों के लिए न्याय जैसी मांगें उठाईं। बाद में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन और फिर उन्हें अस्पताल ले जाए जाने की घटना ने इस आंदोलन को और बड़ा बना दिया।

प्रदर्शनकारी क्या कह रहे हैं?

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनकी शांतिपूर्ण आवाज़ को दबाने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि “संसद चलो” मार्च लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सामने रखने का प्रयास था। वे यह भी आरोप लगाते हैं कि पुलिस ने लाठीचार्ज, आँसू गैस और बल प्रयोग का इस्तेमाल किया, जिससे कई लोग घायल हुए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, सोनम वांगचुक को उनकी इच्छा के विरुद्ध अस्पताल ले जाया गया और इससे आंदोलन और अधिक उग्र हो गया।

पुलिस का पक्ष क्या है?

दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्च के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली थी। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी और संसद की सुरक्षा को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस का कहना है कि किसी भी अनधिकृत मार्च को कानून के अनुसार, रोका जाना आवश्यक था। सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के मामले में भी पुलिस ने कहा कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ रही थी और अदालत के निर्देशों तथा चिकित्सकीय सलाह के आधार पर यह कदम उठाया गया।

सरकार का रुख

सरकार का कहना है कि संवाद के दरवाज़े बंद नहीं हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत के संकेत भी दिए गए। दूसरी ओर, प्रदर्शनकारी कहते हैं कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और जवाबदेही चाहिए।

असली बहस कहाँ है?

यह विवाद सिर्फ़ जंतर-मंतर तक सीमित नहीं है।

यह दो संवैधानिक सिद्धांतों के बीच संतुलन की बहस है का मुद्दा है-

एक ओर नागरिकों का शांतिपूर्ण विरोध और अभिव्यक्ति का अधिकार।

दूसरी ओर, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य की ज़िम्मेदारी।

यही कारण है कि इस घटना पर देशभर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएँ देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई को आवश्यक प्रशासनिक कदम बताया, जबकि अन्य ने इसे असहमति की आवाज़ पर कठोर प्रतिक्रिया माना।

लोकतंत्र के लिए इसका क्या मतलब है?

भारत का संविधान नागरिकों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार देता है। साथ ही, राज्य को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी सौंपता है। चुनौती तब पैदा होती है जब ये दोनों दायित्व एक-दूसरे के सामने खड़े दिखाई देते हैं।

ऐसे समय में सबसे अहम सवाल यह नहीं होता कि कौन सही है और कौन गलत।

बल्कि यह होता है कि क्या संवाद की गुंजाइश बची हुई है?

निष्कर्ष

जंतर-मंतर की यह घटना आने वाले समय में सिर्फ़ एक प्रदर्शन के रूप में याद नहीं की जाएगी।

यह उस बहस का हिस्सा बनेगी जिसमें पूछा जाएगा-

लोकतंत्र की असली ताक़त क्या है?

सिर्फ़ कानून लागू करना या असहमति को सुनने की क्षमता भी?

शायद लोकतंत्र वहीं सबसे मज़बूत होता है, जहाँ विरोध को दुश्मनी नहीं, बल्कि संवाद का अवसर माना जाता है।

न्याय दो या मार दो: आखिर केन–बेतवा परियोजना पर ‘चिता आंदोलन’ क्यों?

क्या बुंदेलखंड को पानी देने वाली परियोजना अपने ही लोगों के विरोध में फँस गई है?

न्याय दो या मार दो!”

यह कोई फिल्मी संवाद नहीं, बल्कि उन लोगों की आवाज़ है जो मध्य प्रदेश के पन्ना और छतरपुर जिलों में केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के विरोध में प्रतीकात्मक चिता आंदोलन” कर रहे हैं। कई महिलाओं और ग्रामीणों ने जलती नहीं, बल्कि प्रतीकात्मक चिताओं पर लेटकर यह संदेश दिया कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो यह उनके लिए विस्थापन मृत्यु के समान है।

केन–बेतवा परियोजना क्या है?

केन–बेतवा लिंक परियोजना भारत की पहली प्रमुख राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना है।

इसका उद्देश्य है—

  • केन नदी का अतिरिक्त जल बेतवा नदी बेसिन तक पहुँचाना।
  • बुंदेलखंड के सूखा प्रभावित क्षेत्रों को सिंचाई उपलब्ध कराना।
  • लाखों लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना।
  • जलविद्युत उत्पादन बढ़ाना।

इसके पहले चरण में दौधन (Daudhan) बांध, लगभग 221 किलोमीटर लंबी नहर, पावर हाउस और अन्य संरचनाएँ बनाई जानी हैं। सरकार का कहना है कि इससे लगभग 10 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को सिंचाई और करीब 62 लाख लोगों को पेयजल का लाभ मिलेगा।

सरकार का पक्ष

केंद्र और राज्य सरकारों का कहना है कि यह परियोजना दशकों से पानी की कमी झेल रहे बुंदेलखंड के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।

सरकार के प्रमुख दावे हैं:

  • सूखा प्रभावित क्षेत्र को स्थायी जल उपलब्धता।
  • कृषि उत्पादन में वृद्धि।
  • ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती।
  • रोजगार के अवसर।
  • जलविद्युत उत्पादन।
  • क्षेत्रीय विकास को गति।

सरकार यह भी कहती है कि प्रभावित परिवारों को मुआवज़ा और पुनर्वास पैकेज दिया जा रहा है।

फिर विरोध क्यों?

यहीं से कहानी बदल जाती है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका विरोध पानी या विकास से नहीं है।

उनका कहना है कि-

हम विकास के खिलाफ़ नहीं हैं, लेकिन अपने अस्तित्व की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं करेंगे।”

उनकी प्रमुख आपत्तियाँ हैं:

  • पर्याप्त और समय पर मुआवज़ा नहीं मिला।
  • पुनर्वास की प्रक्रिया अधूरी है।
  • “ज़मीन के बदले ज़मीन” की मांग पूरी नहीं हुई।
  • कई परिवारों को नया ठिकाना मिलने से पहले ही बेदखल करने का आरोप।
  • वनाधिकार और पारंपरिक आजीविका की अनदेखी।
  • परियोजना से जुड़े निर्णयों में स्थानीय समुदाय की पर्याप्त भागीदारी नहीं।

चिता आंदोलन क्या है?

अप्रैल 2026 में आंदोलन ने नया रूप लिया।

आदिवासी महिलाओं और ग्रामीणों ने प्रतीकात्मक चिताओं पर लेटकर प्रदर्शन किया।

इस आंदोलन का संदेश था-

अगर न्याय नहीं मिलेगा, तो हमारे लिए यह जीवन भी किस काम का?”

इसी कारण इसे चिता आंदोलन” कहा गया।

हाल ही में यह आंदोलन फिर तेज़ हुआ और प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुनर्वास, मुआवज़े और प्रशासनिक आश्वासनों पर पर्याप्त प्रगति नहीं हुई है।

पर्यावरण का सवाल

यह विवाद केवल लोगों तक सीमित नहीं है।

पर्यावरणविदों का कहना है कि इस परियोजना से-

  • पन्ना टाइगर रिज़र्व का एक हिस्सा प्रभावित होगा।
  • जंगलों और वन्यजीव आवास पर असर पड़ सकता है।
  • जैव विविधता को नुकसान होने की आशंका है।

हालाँकि सरकार का कहना है कि पर्यावरणीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी की गई है और प्रभावों को कम करने के उपाय किए जा रहे हैं।

 

विकास बनाम विस्थापन

यही इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा प्रश्न है।

क्या विकास के लिए कुछ लोगों का विस्थापन स्वीकार्य है?

यदि हाँ-

तो उनकी गरिमा, पुनर्वास और आजीविका की जिम्मेदारी किसकी होगी?

एक ओर सरकार कहती है कि लाखों लोगों को पानी मिलेगा।

दूसरी ओर प्रभावित परिवार पूछ रहे हैं-

अगर विकास हमारे घर, हमारी ज़मीन और हमारी पहचान छीन ले, तो क्या उसे विकास कहा जाएगा?”

मुख्य मांगें

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें-

  • निष्पक्ष पुनर्वास।
  • पर्याप्त एवं समयबद्ध मुआवज़ा।
  • ज़मीन के बदले ज़मीन (जहाँ संभव हो)।
  • वनाधिकारों का सम्मान।
  • पुनर्वास पूरा होने से पहले बेदखली न हो।
  • प्रभावित परिवारों से संवाद और पारदर्शिता।

निष्कर्ष

  • केन–बेतवा परियोजना केवल एक बांध या नहर का सवाल नहीं है।
  • यह भारत के विकास मॉडल पर एक बड़ा प्रश्न भी है।

क्या बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट लाखों लोगों का भविष्य बदल सकते हैं? निस्संदेह।

लेकिन क्या वे उन लोगों के अधिकारों, पुनर्वास और सम्मान को भी समान महत्व देंगे जो इसकी सबसे बड़ी कीमत चुकाते हैं?

शायद इसी सवाल का जवाब खोजने के लिए आज भी कुछ लोग चिता पर लेटकर कह रहे हैं-

न्याय दो या मार दो।”

यह कहानी केवल पानी की नहीं, बल्कि विकास और न्याय के बीच संतुलन की भी है।

E20 बनाम E85: क्या भारत का ईंधन भविष्य बदल रहा है या नए सवाल खड़े हो रहे हैं?

पिछले कुछ दिनों से भारत में E20 और E85 ईंधन को लेकर बहस तेज़ हो गई है। सोशल मीडिया पर कई लोग दावा कर रहे हैं कि E20 से गाड़ियों का माइलेज कम हो रहा है, वहीं सरकार का कहना है कि यह भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसी बीच E85 की शुरुआत ने भी लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

तो आखिर E20 और E85 क्या हैं? क्या इनसे आपकी गाड़ी पर असर पड़ेगा? और सरकार इन्हें इतना महत्व क्यों दे रही है?

आइए इसे तथ्यों के आधार पर समझते हैं।

E20 और E85 क्या हैं?

“E” का अर्थ Ethanol है।

  • E20 = 20% इथेनॉल + 80% पेट्रोल
  • E85 = 85% इथेनॉल + 15% पेट्रोल

इथेनॉल एक जैव-ईंधन (Biofuel) है, जिसे मुख्य रूप से गन्ना, मक्का और अन्य कृषि उत्पादों से तैयार किया जाता है। इसका उद्देश्य पेट्रोल पर निर्भरता कम करना और पर्यावरणीय उत्सर्जन घटाना है।

भारत E20 और E85 की ओर क्यों बढ़ रहा है?

भारत अपनी आवश्यकता का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के रूप में आयात करता है। इससे विदेशी मुद्रा पर भारी दबाव पड़ता है।

सरकार के अनुसार, इथेनॉल मिश्रण (Ethanol Blending Programme) के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं—

  • कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना।
  • किसानों, विशेषकर गन्ना उत्पादकों के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत तैयार करना।
  • कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देना।

E20 पर विवाद क्यों हो रहा है?

E20 लागू होने के बाद कई वाहन मालिकों ने माइलेज में कमी और पुराने वाहनों की अनुकूलता (compatibility) को लेकर चिंता जताई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इथेनॉल की ऊर्जा क्षमता पेट्रोल से कम होती है। इसलिए कुछ परिस्थितियों में माइलेज कम महसूस हो सकता है।

हालाँकि सरकार का कहना है कि E20 वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद लागू किया गया है और E20-अनुकूल (E20-compliant) वाहनों में सामान्य रूप से इंजन क्षति की पुष्टि नहीं हुई है।

क्या E85 सभी गाड़ियों के लिए है?

नहीं।

यही सबसे बड़ी गलतफहमी है।

E85 केवल Flex Fuel Vehicles (FFVs) के लिए बनाया गया है।

सामान्य पेट्रोल वाहन या केवल E20-अनुकूल वाहन E85 पर चलाने के लिए डिज़ाइन नहीं किए गए हैं।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि E85 आने का अर्थ यह नहीं है कि E20 या सामान्य पेट्रोल वाहन अप्रासंगिक हो जाएंगे।

 

 

E85 को लेकर सरकार की क्या योजना है?

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर भारत सरकार ने E85 की शुरुआत 48 पेट्रोल पंपों से की। सरकार का लक्ष्य चरणबद्ध तरीके से इसके विस्तार का है। E85 की कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में लगभग ₹20 प्रति लीटर कम रखी गई है ताकि Flex Fuel वाहन अपनाने को प्रोत्साहन मिले।

दुनिया क्या कर रही है?

भारत इस दिशा में अकेला नहीं है।

  • ब्राज़ील कई दशकों से उच्च इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन का उपयोग कर रहा है।
  • अमेरिका में E85 का व्यापक उपयोग Flex Fuel Vehicles के साथ होता है।
  • थाईलैंड, पराग्वे और ज़िम्बाब्वे जैसे देशों में भी उच्च इथेनॉल मिश्रण अपनाया गया है।

सबसे बड़ा सवाल

ऊर्जा सुरक्षा, किसानों की आय और पर्यावरण—इन तीनों लक्ष्यों को देखते हुए इथेनॉल मिश्रण एक महत्वपूर्ण नीति मानी जा रही है।

लेकिन दूसरी ओर उपभोक्ता यह जानना चाहते हैं कि—

  • क्या सभी वाहन वास्तव में E20 के लिए पूरी तरह उपयुक्त हैं?
  • माइलेज पर वास्तविक प्रभाव कितना है?
  • पुरानी गाड़ियों के लिए क्या अलग विकल्प होने चाहिए?
  • E85 का विस्तार किस गति से और किन वाहनों के लिए होगा?

इन सवालों के स्पष्ट और पारदर्शी उत्तर नीति पर जनता का भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण होंगे।

 

 

निष्कर्ष

E20 और E85 केवल नए ईंधन नहीं हैं, बल्कि भारत की ऊर्जा नीति में एक बड़ा बदलाव हैं।

यदि इनका विस्तार वैज्ञानिक परीक्षण, पर्याप्त अवसंरचना, उपभोक्ता जागरूकता और वाहन-अनुकूल तकनीक के साथ किया जाता है, तो ये ऊर्जा आत्मनिर्भरता और उत्सर्जन में कमी की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

लेकिन यदि तकनीकी जानकारी, उपभोक्ता संवाद और वाहन अनुकूलता पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, तो यह नीति बहस और भ्रम दोनों को जन्म देती रहेगी।

इसलिए असली चुनौती E20 या E85 नहीं, बल्कि नीति के साथ स्पष्ट संवाद और सुचारु क्रियान्वयन है।

₹3,264 करोड़ का फंड, ₹2,370 करोड़ का खर्च, राम मंदिर ट्रस्ट ने सार्वजनिक किया पूरा हिसाब

अयोध्या

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर निर्माण और दान राशि को लेकर उठे सवालों के बीच पहली बार विस्तृत वित्तीय जानकारी सार्वजनिक की है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि अब तक निधि समर्पण अभियान और कॉर्पस डोनेशन के माध्यम से कुल 3,264 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,370 करोड़ रुपये मंदिर निर्माण और अन्य पूंजीगत कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं।

ट्रस्ट के अनुसार, 31 मार्च, 2026 तक श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे के रूप में 582 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इस राशि में से 391 करोड़ रुपये मंदिर के रखरखाव, संचालन और अन्य आवश्यक कार्यों पर खर्च किए गए हैं। ट्रस्ट ने बताया कि शेष राशि उसके बैंक खातों में सुरक्षित रखी गई है।

चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार

ट्रस्ट की हाल ही में हुई महत्त्वपूर्ण बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। ट्रस्ट ने बताया कि एसआईटी (विशेष जांच दल) की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा द्वारा नैतिक आधार पर दिए गए इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं। इसके साथ ही गोपाल नागरकट्टे को विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची से भी हटा दिया गया है।

रामलला को मिले 2,926 उपहार, हर वस्तु का रिकॉर्ड सुरक्षित

ट्रस्ट ने यह भी जानकारी दी कि अब तक रामलला को 2,926 उपहार प्राप्त हुए हैं। प्रत्येक उपहार का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा गया है और हर वर्ष एक स्वतंत्र चार्टर्ड अकाउंटेंसी फर्म द्वारा उसका सत्यापन कराया जाता है।

ट्रस्ट का कहना है कि यदि कोई श्रद्धालु अपने द्वारा दिए गए दान या उपहार की जानकारी प्राप्त करना चाहता है, तो वह समय लेकर ट्रस्ट कार्यालय में इसकी पुष्टि कर सकता है।

दानपात्रों की गिनती में कथित अनियमितताओं पर ट्रस्ट का रुख साफ

दानपात्रों से प्राप्त राशि की गणना में कथित अनियमितताओं को लेकर भी ट्रस्ट ने अपना पक्ष रखा। ट्रस्ट ने कहा कि जैसे ही मामले की जानकारी मिली, प्रारंभिक तथ्य जुटाने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष एसआईटी जांच कराने का अनुरोध स्वयं ट्रस्ट ने किया था।

ट्रस्ट के अनुसार, सरकार ने उसके अनुरोध पर तत्काल उच्च स्तरीय विशेष जांच दल का गठन किया, ताकि पूरे मामले की व्यापक, निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच की जा सके।

एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट में 8 लोगों के नाम

ट्रस्ट ने बताया कि एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट में आठ लोगों के नाम सामने आए हैं। जिनके खिलाफ प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले, उनके विरुद्ध ट्रस्ट ने मुकदमा दर्ज कराया और गिरफ़्तारी की कार्रवाई भी की गई। अब पूरा मामला कानून के अनुसार आगे बढ़ रहा है।

दोषी कोई भी हो, उसे कठोरतम सजा मिले

ट्रस्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ़ कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही एसआईटी से यह भी अपेक्षा की गई है कि वह ट्रस्ट की व्यवस्थाओं में ऐसे सुधारों का सुझाव दे, जिससे भविष्य में व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और मजबूत बन सके।